बिहार में भीषण गर्मी का अलर्ट, 14 जिलों में हीट वेव की चेतावनी; 4 जिलों में बारिश-ठनका का खतरा
बिहार में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 14 जिलों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं सीमांचल और उत्तर बिहार के कुछ जिलों में आंधी, हल्की बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी दी गई है। अगले दो से...
बिहार में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 14 जिलों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं सीमांचल और उत्तर बिहार के कुछ जिलों में आंधी, हल्की बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी दी गई है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा में लू चलने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
4 जिलों में आंधी-बारिश और ठनका की चेतावनी
वहीं पश्चिम चंपारण, सुपौल, अररिया और किशनगंज में तेज हवा, हल्की बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सावधानी बरतने को कहा है।
पटना समेत कई जिलों में बढ़ेगी उमस
राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश से बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसकी वजह से गर्मी के साथ उमस भी लगातार बढ़ रही है।
गुरुवार को बिहार का तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। पटना में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को भी तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हीट वेव से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए जिले में 30 हीट वेव वार्ड बनाए गए हैं। अस्पतालों में कुल 88 बेड रिजर्व रखे गए हैं।
प्रत्येक पीएचसी, सीएचसी और अनुमंडल अस्पताल में तीन-तीन बेड जबकि जिला अस्पताल में चार बेड सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा 17 नगर निकायों में 400 प्याऊ की व्यवस्था की गई है और लोगों को राहत देने के लिए 15 आश्रय स्थल भी संचालित किए जा रहे हैं।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
अधिक से अधिक पानी पिएं
हल्के और सूती कपड़े पहनें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें













