पटना में गर्मी का कहर, कक्षा 8 तक के स्कूलों की पढ़ाई अब सुबह 11 बजे तक
पटना में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। भीषण तापमान और दोपहर की तपिश से छात्रों को बचाने के लिए ...
पटना में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। भीषण तापमान और दोपहर की तपिश से छात्रों को बचाने के लिए डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह त्यागराजन ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। प्रशासन के आदेश के मुताबिक अब पटना जिले में कक्षा 8 तक की पढ़ाई सुबह 11 बजे के बाद नहीं होगी।
11 बजे के बाद छोटे बच्चों की कक्षाएं संचालित करने पर रोक रहेगी
जारी निर्देश के अनुसार सभी सरकारी, गैर सरकारी, निजी और प्राइवेट स्कूलों को अपनी शैक्षणिक गतिविधियां सुबह के समय ही पूरी करनी होंगी। 11 बजे के बाद छोटे बच्चों की कक्षाएं संचालित करने पर रोक रहेगी। जिला प्रशासन का कहना है कि लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है, इसलिए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
18 मई से लागू होकर 21 मई तक प्रभावी रहेगा
प्रशासन ने यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी किया है। आदेश 18 मई से लागू होकर 21 मई तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सभी स्कूल प्रबंधन को समय में बदलाव कर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।हालांकि, यह निर्देश आवासीय विद्यालयों और परीक्षा संबंधी गतिविधियों पर लागू नहीं होगा। बोर्ड परीक्षा, विशेष परीक्षा और रेजिडेंशियल स्कूल अपनी आवश्यकता के अनुसार अलग व्यवस्था जारी रख सकेंगे।
आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश
जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग, अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाएं, पर्याप्त पानी पिलाएं और जरूरत पड़ने पर ओआरएस का इस्तेमाल करें।













