केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को धमकी देने वाला युवक पटना से गिरफ्तार,पूछताछ जारी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी(Jitan Ram Manjhi )को सोशल मीडिया पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाने की विशेष टीम ...
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी(Jitan Ram Manjhi )को सोशल मीडिया पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाने की विशेष टीम ने गुरुवार देर रात पटना के मारूफगंज इलाके में छापेमारी कर आरोपी राजेंद्र राय उर्फ सरदार को दबोच लिया।बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में आरोपी केंद्रीय मंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए खुलेआम हमला करने की धमकी देता नजर आया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू की गई।
साइबर डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार नए साइबर डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पटना जिले के मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित मारूफगंज मोहल्ले में देर रात छापेमारी की। इसी दौरान आरोपी राजेंद्र राय उर्फ सरदार को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच गया लाया गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच में एसएसपी सुशील कुमार, सिटी एसपी कोटा किरण कुमार और साइबर डीएसपी जुटे हुए हैं।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ी थी सुरक्षा
सूत्रों के मुताबिक धमकी भरे वीडियो के वायरल होने के बाद केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क हो गया था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वीडियो किस मकसद से बनाया और क्या उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं।
पुलिस अब आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तकनीकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













