रामनवमी पर बिहार हाई अलर्ट: शोभायात्राओं से पहले सख्त सुरक्षा, पटना में तीन लेयर सुरक्षा और 1500 जवान तैनात

बिहार के अलग-अलग जिलों में रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शोभायात्रा जुलूस के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। खासतौर पर पिछले तीन वर्षों में जहां रामनवमी के दौरान तनाव या उपद्रव की घटनाएं सामने आई थीं। जैसे गया, रोहतास, नालंदा, दरभंगा, नवगछिया....

रामनवमी पर बिहार हाई अलर्ट: शोभायात्राओं से पहले सख्त सुरक्षा, पटना में तीन लेयर सुरक्षा और 1500 जवान तैनात

बिहार के अलग-अलग जिलों में रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शोभायात्रा जुलूस के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। खासतौर पर पिछले तीन वर्षों में जहां रामनवमी के दौरान तनाव या उपद्रव की घटनाएं सामने आई थीं—जैसे गया, रोहतास, नालंदा, दरभंगा, नवगछिया और खगड़िया—वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पटना में विशेष तैयारी:
बता दें कि राजधानी पटना में भी रामनवमी को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। महावीर मंदिर के पट गुरुवार रात 2 बजे ही खोल दिए जाएंगे, जिसके बाद आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हो जाएंगे।भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर और बाहर 20 बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, ताकि लाइन में खड़े श्रद्धालु भी लाइव दर्शन कर सकें। इसके अलावा पानी, रोशनी, शौचालय, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।

तीन लेयर सुरक्षा और हाईटेक निगरानी:
महावीर मंदिर में इस बार तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी आधुनिक कंट्रोल रूम से की जाएगी। साथ ही महावीर मंदिर टीओपी को भी मॉनिटरिंग हब के रूप में विकसित किया गया है।महावीर मंदिर के अलावा डाक बंगला चौराहा, राजवंशी नगर हनुमान मंदिर और पटना सिटी के जल्ला हनुमान मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

फोर्स की तैनाती:
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, शहर में करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें अन्य जिलों से आए अतिरिक्त बल भी शामिल हैं। रामनवमी के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच श्रद्धालु भी आस्था और उल्लास के साथ पर्व मना सकेंगे।रामनवमी पर्व पर गुरुवार से ही शहर के चार किलोमीटर के दायरे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शहर के आठ रास्तों से होकर शोभायात्रा गुजरेगी। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।गुरुवार को रात में आठ बजे से कई सड़कों पर वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग परिवर्तित कर दिए जाएंगे। 

25 हजार किलोग्राम नैवेद्य प्रसाद तैयार 
रामनवमी पर्व पर पटना में 25 हजार किलोग्राम नैवेद्य प्रसाद तैयार किया गया है। यह 90 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। हनुमान मंदिर के प्रबंधन के अनुसार 18 हजार किलोग्राम प्रसाद पैकेटों में पैक किया जा चुका है।बता दें कि  रामनवमी पर मंदिर और वीर कुंवर सिंह पार्क के बीच 15 काउंटरों से इसका विक्रय किया जाएगा। नैवेद्य को तैयार करने में गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया गया है। इसका निर्माण तिरुपति से आए कारीगरों ने किया है।