बिहार में सरकारी कार्यक्रमों का नया प्रोटोकॉल: ‘वंदे मातरम्’ से शुरुआत, राज्य गीत पर समापन

बिहार में सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर सरकार ने एक अहम और औपचारिक बदलाव किया है। अब राज्य के सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से होगी, जिसके तुरंत...

बिहार में सरकारी कार्यक्रमों का नया प्रोटोकॉल: ‘वंदे मातरम्’ से शुरुआत, राज्य गीत पर समापन

बिहार में सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर सरकार ने एक अहम और औपचारिक बदलाव किया है। अब राज्य के सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से होगी, जिसके तुरंत बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा और फिर निर्धारित कार्यक्रम आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम का समापन बिहार राज्य गीत के साथ किया जाएगा।सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल ने इस संबंध में सभी विभागीय प्रमुखों, पुलिस महानिदेशक, प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी सरकारी आयोजनों और शैक्षणिक संस्थानों में इन गीतों के गायन का क्रम अनिवार्य रूप से पालन किया जाएगा।

‎नया प्रोटोकॉल तय किया गया

‎शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी नया प्रोटोकॉल तय किया गया है। अब हर स्कूल और कॉलेज की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से होगी, उसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा और फिर नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होंगी। विभाग ने अधिकारियों को इस व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 28 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय गीत के सम्मान और उसके नियमित गायन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद बिहार सरकार ने यह कदम उठाया है।

‎अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान...

‎इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर बने किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी का भी हो। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि तारापुर स्थित उनके घर की सीढ़ी को भी प्रशासन द्वारा तोड़ा जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि कार्रवाई में कोई भेदभाव नहीं होगा।

‎पहली बार अपने गृह जिला मुंगेर पहुंचे

‎मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी रविवार को पहली बार अपने गृह जिला मुंगेर पहुंचे। यहां उन्होंने तारापुर विधानसभा के असरगंज प्रखंड के बैजलपुर गांव में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना और उसके बाद जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि राज्य में कानून का राज स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है और सरकारी जमीन को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।