गया पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विष्णुपद मंदिर में किया दर्शन, पितृपक्ष मेले की तैयारियों का लेंगे जायजा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को गया पहुंचे। सुबह 10:40 बजे पटना से हवाई मार्ग से पहुंचने पर गांधी मैदान स्थित हेलीपैड पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने "सीएम नीतीश जिंदाबाद" और "विकास पुरुष जिंदाबाद" के नारे लगाए। हेलीपैड से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे विष्णुपद मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने देवघाट का जायजा लिया, भगवान श्रीहरि का दर्शन किया और मंदिर परिसर में चल रही तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री पितृपक्ष मेले को लेकर अधिकारियों के ...

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को गया पहुंचे। सुबह 10:40 बजे पटना से हवाई मार्ग से पहुंचने पर गांधी मैदान स्थित हेलीपैड पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने "सीएम नीतीश जिंदाबाद" और "विकास पुरुष जिंदाबाद" के नारे लगाए। हेलीपैड से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे विष्णुपद मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने देवघाट का जायजा लिया, भगवान श्रीहरि का दर्शन किया और मंदिर परिसर में चल रही तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री पितृपक्ष मेले को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा करगें।
मंत्री संजय सरावगी का बयान
वहीं मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि गया में पूरे विश्व से श्रद्धालु आते हैं। इस कारण मुख्यमंत्री हर साल यहां की तैयारियों का जायजा लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पूरे देश की माताओं का अपमान है और इसका जवाब जनता ईवीएम से देगी।विष्णुपद मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री का काफिला गया समाहरणालय पहुंचेगा। यहां सीएम सभा कक्ष में अधिकारियों के साथ पितृपक्ष मेले की तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे। इसके बाद करीब 12 बजे सीएम नगर प्रखंड के चाकंद उच्च विद्यालय पहुंचेंगे। यहां सीएम प्रगति यात्रा से जुड़ी 9 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे और पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों सहित अन्य लोगों से सीधा संवाद भी करेंगे।
बेलागंज में कार्यकर्ता सम्मेलन
बता दें कि चाकंद से सीएम सड़क रास्ता से बेलागंज प्रखंड के बेला-पनारी पथ पर पहुंचेंगे। यहां श्रीरामपुर से धनावां होते हुए शाकीर बिगहा तक सड़क चौड़ीकरण व मजबूती करण काम का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे पड़ाव मैदान, बेलागंज जाएंगे। मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।कार्यक्रम को लेकर सोमवार की रात से ही बेलागंज और नगर प्रखंड में गतिविधियां तेज हो गई थीं। मंच सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था और स्वागत की तैयारियों में स्थानीय प्रशासन व एनडीए कार्यकर्ता जुटे रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बेलागंज में खासा उत्साह है। पड़ाव मैदान में कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद सीएम हेलीपैड के लिए करीब डेढ़ बजे रवाना होंगे और पटना लौट जाएंगे। दिनभर की इस यात्रा में मुख्यमंत्री विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, लाभुकों से मिलेंगे और पितृपक्ष मेला की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा करेंगे।