बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे चिराग पासवान, एलजेपीआर ने लिया बड़ा फैसला, केंद्रीय मंत्री इस सीट से चल सकते हैं सियासी दांव
बिहार में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहीं चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक सरगरमी चरम पर है। साल के आखिरी में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी एनडीए की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा उसपर राजनीति शुरू हो गई है।साथ ही चिराग पासवान इस बार चुनावी मैदान में उतरेंगे या नहीं, इसपर ..

बिहार में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहीं चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक सरगरमी चरम पर है। साल के आखिरी में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी एनडीए की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा उसपर राजनीति शुरू हो गई है।साथ ही चिराग पासवान इस बार चुनावी मैदान में उतरेंगे या नहीं, इसपर चर्चा भी तेज हो गई है। दरअसल बिहार की राजनीति के लिहाज से बड़ी खबर है कि चिराग पासवान बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से यह बड़ा फैसला लिया गया है।
चिराग पासवान किसी सामान्य सीट से चुनाव लड़ेंगे
बताया गया है कि चिराग पासवान किसी सामान्य सीट से चुनाव लड़ेंगे। देखा जाए तो बिहार की राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक निर्णय माना जा रहा है। बता दें कि चिराग पासवान ने बीते दिनों कहा था कि वह केंद्र की राजनीति से अब बिहार की राजनीति में शिफ्ट होना चाहते हैं। इसके बाद एलजेपीआर के विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठक हुई थी जिसमें यह प्रस्ताव पारित किया गया था कि चिराग पासवान बिहार विधानसभा चुनाव लड़ें। अब जाकर चिराग पासवान पर पार्टी ने भी फैसला ले लिया है कि बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
तेजस्वी प्रसाद यादव के लिए भी एक नई सियासी चुनौती
वहीं चिराग पासवान का केंद्र की राजनीति से बिहार के सियासी मैदान में सीधे तौर पर आना महागठबंधन के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के लिए भी एक नई सियासी चुनौती के तौर पर माना जा रहा है। आखिर चिराग पासवान के बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर एलजेपीआर का यह फैसला बिहार की राजनीति की दृष्टि से कितना बड़ा है? क्या तेजस्वी यादव के लिए यह नया चैलेंज है या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नई सरदर्दी?
नीतीश कुमार अपनी उम्र और सियासी रूप से ढलान की ओर हैं
राजनीतिक दृष्टीकोण से देखा जाए तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी उम्र और सियासी रूप से ढलान की ओर हैं। आने वाले समय में वह 2025 में एनडीए का चेहरा जरूर हैं, लेकिन इसके आगे की राजनीति में वह कितना सक्रिय रह पाएंगे यह देखने वाली बात होगी। ऐसे में चिराग पासवान की पार्टी को लगता है कि आगे एनडीए में एक फेस की दरकार होगी जो चिराग पासवान भर सकते हैं।
चिराग पासवान एनडीए की केंद्र सरकार में मंत्री
सूत्रों के मुताबिक, ऐसा भी माना जा रहा है कि चिराग पटना, दानापुर या हाजीपुर में से किसी एक सीट पर उतर सकते हैं। बता दें, चिराग पासवान एनडीए की केंद्र सरकार में मंत्री हैं। चिराग की एलजेपी ने पांच सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ा था और 100 फीसदी स्ट्राइक रेट के साथ सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। चिराग पासवान खुद हाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद बने और केंद्र में उन्हें खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री की जिम्मेदारी मिली।