राज्यसभा वोटिंग से पहले तेजस्वी के चैंबर में मांझी परिवार! फिर बोलीं –गलती से आ गए
बिहार समेत देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर सोमवार सुबह 9 बजे से मतदान जारी है। अभी तक NDA की तरफ से 201 विधायक वोट डाल चुके हैं।जबकि महागठबंधन की तरफ 37 विधायकों ने वोट डाले हैं। वहीं राजद के 24 विधायकों ने वोटिंग की है, ढाका विधायक फैसल रहमान का इंतजार है। पार्टी नेता उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।वहीं कांग्रेस के तीन विधायक अब तक वोट डालने....
बिहार समेत देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर सोमवार सुबह 9 बजे से मतदान जारी है। अभी तक NDA की तरफ से 201 विधायक वोट डाल चुके हैं।जबकि महागठबंधन की तरफ 37 विधायकों ने वोट डाले हैं। वहीं राजद के 24 विधायकों ने वोटिंग की है, ढाका विधायक फैसल रहमान का इंतजार है। पार्टी नेता उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।वहीं कांग्रेस के तीन विधायक अब तक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं, जिनमें से दो विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा और मनोज विश्वास से पार्टी नेताओं का संपर्क नहीं हो पा रहा है। शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके बाद शाम 5 बजे से गिनती होगी। आज ही नतीजे आ जाएंगे। राज्यसभा की 5 सीटों के लिए मैदान में 6 कैंडिडेट हैं। इसके चलते वोटिंग की नौबत आई है। एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के वोट की जरूरत है। NDA के पास 202 विधायक हैं।
ज्योति मांझी और दीपा मांझी को बाहर निकलते देखा गया
वहीं दूसरी ओर बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच विधानसभा परिसर में सोमवार को एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी। मतदान शुरू होने से ठीक पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चैंबर से हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) संरक्षक जीतन राम मांझी की समधन ज्योति मांझी और बहू दीपा मांझी को बाहर निकलते देखा गया। इस दृश्य के सामने आते ही विधानसभा परिसर में चर्चाओं और अटकलों का दौर शुरू हो गया। हालांकि सफाई में दोनों ने कहा कि गलती से गई।
दोनों ने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान किया
जानकारी के अनुसार, राज्यसभा चुनाव की वोटिंग शुरू होने से पहले ज्योति मांझी और दीपा मांझी विधानसभा परिसर में मौजूद थीं। इसी दौरान वे कुछ देर के लिए तेजस्वी यादव के चैंबर में पहुंचीं। कुछ मिनट बाद जब दोनों वहां से बाहर निकलीं, तो इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। मामला इतना गर्माया कि कुछ देर के लिए सियासी सस्पेंस भी बढ़ गया।हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर बाद में सफाई भी सामने आई। HAM की ओर से कहा गया कि ज्योति मांझी और दीपा मांझी गलती से तेजस्वी यादव के चैंबर में चली गई थीं। पार्टी ने साफ किया कि इस मुलाकात का कोई राजनीतिक मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। साथ ही यह भी दावा किया गया कि दोनों ने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान किया है।
राज्यसभा चुनाव में एनडीए पांचों सीटें जीतेगी-मांझी
वहीं, केंद्रीय मंत्री और HAM संरक्षक जीतन राम मांझी ने भरोसा जताते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए पांचों सीटें जीतेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गठबंधन के पास पर्याप्त समर्थन है और जीत को लेकर कोई संशय नहीं है।इधर, HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने भी एनडीए की जीत का दावा दोहराया। उन्होंने कहा,“एनडीए जीत की ओर अग्रसर है। हमारे पांचों उम्मीदवार जीतेंगे। हमारे पास पर्याप्त संख्या है। वे (राजद) हार रही है।













