पटना में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 27 लाख लूटकांड का आरोपी अजय पासवान एनकाउंटर में घायल

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में राजधानी पटना में बुधवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। मसौढ़ी इलाके में हुई इस कार्रवाई में 27 लाख रुपये की लूटकांड में शामिल कुख्यात अपराधी अजय...

पटना में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 27 लाख लूटकांड का आरोपी अजय पासवान एनकाउंटर में घायल

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में राजधानी पटना में बुधवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। मसौढ़ी इलाके में हुई इस कार्रवाई में 27 लाख रुपये की लूटकांड में शामिल कुख्यात अपराधी अजय पासवान पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, 13 मई को पटना में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में पुलिस लगातार फरार अपराधियों की तलाश कर रही थी। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल कुछ बदमाश मसौढ़ी इलाके में इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख अपराधियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान अजय पासवान ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अजय पासवान के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस वाहन में भी गोली लगने की बात सामने आई है। वहीं पुलिस ने मौके से अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अजय पासवान और उसके गिरोह ने दो दिन पहले मसौढ़ी के एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाने की साजिश रची थी। इसके लिए अपराधियों ने व्यवसायी और उसकी दुकान की रेकी भी की थी।

सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी लूट की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ है और दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।