सिवनी में RTO टीम पर भड़के ड्राइवर, चेकपोस्ट पर तोड़फोड़

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में मंगलवार रात आरटीओ चेकपोस्ट पर जमकर हंगामा हुआ। कुरई थाना क्षेत्र के मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट पर एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट से नाराज..

सिवनी में RTO टीम पर भड़के ड्राइवर, चेकपोस्ट पर तोड़फोड़

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में मंगलवार रात आरटीओ चेकपोस्ट पर जमकर हंगामा हुआ। कुरई थाना क्षेत्र के मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट पर एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट से नाराज सैकड़ों ड्राइवरों ने विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए चालकों ने आरटीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे पलट दिया, वहीं पास बनी एक कच्ची झोपड़ी में आग भी लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10 बजे चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच के दौरान आरटीओ कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि जांचकर्मियों ने चालक के साथ मारपीट की। इसकी खबर मिलते ही हाईवे पर मौजूद बड़ी संख्या में ट्रक चालक मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। । माहौल बिगड़ता देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके से हट गए।

स्थिति बिगड़ती देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके से हट गए। इसके बाद आक्रोशित चालकों ने चेकपोस्ट पर खड़े आरटीओ वाहन को पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पास बनी एक झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हंगामे के कारण नेशनल हाईवे-44 पर करीब 15 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही फ्लैग मार्च कर रही कुरई पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे चालकों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने यातायात बहाल कराया और मामले को शांत कराया।

बताया जा रहा है कि जिस ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट हुई थी, वह शिकायत दर्ज कराने के बजाय अपना ट्रक लेकर महाराष्ट्र रवाना हो गया। घटना के बाद आरटीओ देवेश बाथम और तहसीलदार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

आरटीओ अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। वहीं कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम ने कहा कि पीड़ित चालक की तलाश की जा रही है। उसके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।