भागलपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मिनी ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, चालक गंभीर रूप से झुलसा
बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार को एक भयावह सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र स्थित खरीक चौक के पास ट्रक और मिनी ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण ....
बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार को एक भयावह सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र स्थित खरीक चौक के पास ट्रक और मिनी ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही देर में दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काफी समय तक उस पर काबू नहीं पाया जा सका, जिससे दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।
कैसे हुआ हादसा
इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की मदद से उसे मौके से निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।स्थानीय निवासी मिथुन के अनुसार, गिट्टी लदा ट्रक भागलपुर से खगड़िया की ओर जा रहा था, जबकि मिनी ट्रक खगड़िया से भागलपुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान खरीक चौक के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जाम और राहत कार्य
हादसे के बाद नवगछिया-खगड़िया मुख्य सड़क पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और जाम हटाने की कवायद में जुट गई।खरीक थाना के थानाध्यक्ष नरेश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भागलपुर से रजनी कांत उपाध्याय की रिपोर्ट













