आवासीय विद्यालय से लापता तीन छात्र 48 घंटे के भीतर सकुशल मिले, जांच में खुल गया ये बड़ा राज ?
4 जून की सुबह करीब 4 बजे तीन छात्र बिना किसी को बताए विद्यालय से निकल गए थे। लापता छात्रों में निरज कुमार, शिवम कुमार और आदित्य कुमार शामिल हैं। घटना की सूचना 5 जून को काशनगर थाना को मिली, जिसके बाद थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
DESWA DESK : सहरसा जिले के काशनगर थाना क्षेत्र स्थित आवासीय विद्यालय कैरियर मेकर से लापता हुए तीन छात्रों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छात्रों का पता लगाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जून की सुबह करीब 4 बजे तीन छात्र बिना किसी को बताए विद्यालय से निकल गए थे। लापता छात्रों में निरज कुमार, शिवम कुमार और आदित्य कुमार शामिल हैं। घटना की सूचना 5 जून को काशनगर थाना को मिली, जिसके बाद थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर जांच प्रारंभ की। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, एफएसएल टीम को बुलाया गया तथा ई-साक्ष्य पोर्टल पर भी घटना दर्ज की गई। छात्रों की सकुशल बरामदगी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया।
जांच के दौरान विद्यालय से बाहर जाने वाले संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तकनीकी अनुसंधान किया गया तथा छात्रों के परिजनों, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों से पूछताछ की गई। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार को करीब 1:30 बजे तीनों छात्रों को मानसी रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लापता होने की सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर ही तीनों छात्रों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।













