रातभर पुलिस की गाड़ियां खान सर के कोचिंग का चक्कर काटती रहीं, आज क्लास रूम में दिखेंगे या कटघरे में? बाहर जमे स्टूडेंट्स
खान सर पुलिस के सामने गिरफ्तार होने के बजाय आज सीधे सिविल कोर्ट में सरेंडर (आत्मसमर्पण) कर सकते हैं। उनके कानूनी सलाहकार लगातार इस रणनीति पर काम कर रहे हैं ताकि पुलिस रिमांड से बचा जा सके और जल्द से जल्द जमानत (Bail) की प्रक्रिया शुरू की जा सके। सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आज खान सर क्लास रूम में दिखेंगे या सीधे अदालत के कटघरे में। आखिरकार उनके पास अब कोर्ट में सरेंडर का ही विकल्प बचा है।
DESWA DESK : फायरिंग मामले में नामजद आरोपी बनाए गए चर्चित शिक्षक खान सर पर एफआईआर के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। शुक्रवार की पूरी रात खान सर की कोचिंग और उसके आसपास का इलाका एक सियासी और कानूनी अखाड़े में तब्दील रहा। एक तरफ जहां पुलिस की पांच गाड़ियां अलग-अलग वक्त पर छापेमारी और स्थिति का जायजा लेने कोचिंग परिसर पहुंचती रहीं, वहीं दूसरी तरफ खान सर के समर्थन में सैकड़ों छात्र रातभर सड़क पर डटे रहे।
टस से मस नहीं हुए स्टूडेंट्स
खान सर की गिरफ्तारी या उनकी मौजूदगी का पता लगाने के लिए पुलिस बल ने रातभर मुस्तैदी दिखाई। पुलिस की गाड़ियों से लाउडस्पीकर के जरिए लगातार अनाउंसमेंट किया जाता रहा-आप सभी छात्र यहां से हट जाइए और अपने-अपने घर लौट जाइए। लेकिन खान सर के समर्थन में नारेबाज़ी कर रहे छात्र टस से मस नहीं हुए और उन्होंने कोचिंग के बाहर ही रात गुजार दी।
कहां हैं खान? सस्पेंस बरकरार
खान सर इस वक्त कहां हैं, इसे लेकर पुलिस और उनके करीबियों के बीच लुका-छिपी का खेल चल रहा है। खान सर को करीब से जानने वाले कुछ लोगों का दावा है कि वे गिरफ्तारी से बचने के लिए कोचिंग संस्थान के अंदर ही किसी गुप्त जगह पर मौजूद हैं। वहीं, दूसरी ओर कुछ सूत्रों का कहना है कि वे पटना से बाहर निकल चुके हैं या किसी सुरक्षित ठिकाने पर हैं।
'आज भी सर की क्लास होगी'
इस बीच, सुबह-सुबह खान सर के कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों के मोबाइल पर आए एक मैसेज ने सस्पेंस को और बढ़ा दिया है। इस आधिकारिक मैसेज में लिखा हैृ-आज भी सर की क्लास होगी। इस मैसेज के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं कि क्या खान सर वाकई क्लास लेने शाम तक भी सामने आएंगे?
आज सरेंडर करने की चर्चा
इस पूरे ड्रामे के बीच पटना के प्रशासनिक और कानूनी गलियारों में एक चर्चा बेहद आम है कि खान सर पुलिस के सामने गिरफ्तार होने के बजाय आज सीधे सिविल कोर्ट में सरेंडर (आत्मसमर्पण) कर सकते हैं। उनके कानूनी सलाहकार लगातार इस रणनीति पर काम कर रहे हैं ताकि पुलिस रिमांड से बचा जा सके और जल्द से जल्द जमानत (Bail) की प्रक्रिया शुरू की जा सके। फिलहाल, कोचिंग परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है। सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आज खान सर क्लास रूम में दिखेंगे या सीधे अदालत के कटघरे में। आखिरकार उनके पास अब कोर्ट में सरेंडर का ही विकल्प बचा है।











