लालू परिवार की सुरक्षा पर 'महाभारत': राबड़ी देवी ने लौटाए सभी सुरक्षाकर्मी, तेजस्वी ने भी छोड़ी Y+ सिक्योरिटी
दो दिन पहले बिहार सरकार द्वारा लालू परिवार की सुरक्षा कम किए जाने के फैसले से नाराज पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार सुबह एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने सरकारी आवास से सभी सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया है। राबड़ी देवी ने न सिर्फ अपनी निजी सुरक्षा वापस कर दी, बल्कि बंगले के बाहर सुरक्षा में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को भी लौटा दिया है।
DESWA DESK : बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आई है। दो दिन पहले बिहार सरकार द्वारा लालू परिवार की सुरक्षा कम किए जाने के फैसले से नाराज पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार सुबह एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने सरकारी आवास से सभी सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया है। राबड़ी देवी ने न सिर्फ अपनी निजी सुरक्षा वापस कर दी, बल्कि बंगले के बाहर सुरक्षा में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को भी लौटा दिया है।
तेजस्वी यादव ने भी Y+ श्रेणी की सुरक्षा लौटाई
राबड़ी देवी के इस कड़े कदम के तुरंत बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सरकार को अपनी Y+ श्रेणी की सुरक्षा लौटा दी है। लालू परिवार के इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। 10, सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास का नजारा पूरी तरह बदल चुका है। जहां कभी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहते थे, वहां अब राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। आवास के मुख्य गेट पर पार्टी का कार्यकर्ता हाथ में डंडा लिए सुरक्षा की कमान संभाले खड़ा दिखाई दिया।
आज राबड़ी आवास के बाहर का नजारा आम दिनों से बिल्कुल जुदा था। जो बैरक और कुर्सियां पुलिसकर्मियों से भरी रहती थीं, वहां अब आरजेडी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता डटे हुए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हमारे नेता की सुरक्षा के लिए पुलिस की जरूरत नहीं है, बिहार की जनता ही उनकी ढाल है।
रोहिणी आचार्य की कार्यकर्ताओं से आवास पहुंचने की अपील
इस पूरे घटनाक्रम के बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोलते हुए तमाम 'लालूवादियों' से राबड़ी आवास पहुंचने की भावुक और आक्रामक अपील की है। रोहिणी ने लिखा, तमाम लालूवादियों से मेरी अपील है कि आप सब भारी संख्या में राबड़ी देवी जी के आधिकारिक आवास पहुंचकर बदले की भावना से काम कर रहे मुख्यमंत्री को यह सीधा, साफ और कड़ा संदेश दें कि आप सब ही लालू परिवार की असली सुरक्षा और ढाल हैं।
हर कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी जनता-रोहिणी
रोहिणी ने आगे सरकार को घेरते हुए कहा कि पूरा देश और पूरा बिहार देख रहा है कि कैसे बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बिहार की जनता ही इस बदले की भावना से की गई हर कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी।
दो दिन पहले घटी थी सुरक्षा, Z+ श्रेणी ली गई थी वापस
दरअसल, इस पूरे विवाद की जड़ दो दिन पहले बिहार सरकार द्वारा लिया गया एक फैसला है। सरकार ने एक समीक्षा बैठक के बाद लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी। लालू परिवार इस फैसले को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित मान रहा है। सुरक्षा हटाए जाने को लेकर राबड़ी देवी बेहद नाराज थीं, जिसके विरोध स्वरूप आज उन्होंने अपने पूरे आवास को पुलिस सुरक्षा से मुक्त कर दिया। फिलहाल राबड़ी आवास पर कार्यकर्ताओं के जुटने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे पटना में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।
बदले की भावना से काम कर रही सरकार-आरजेडी
आरजेडी नेताओं का कहना है कि लालू परिवार की लोकप्रियता से घबराकर नीतीश सरकार इस तरह के ओछे हथकंडे अपना रही है। देश की पहली महिला मुख्यमंत्री और बिहार के कद्दावर नेताओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करना किसी भी नजरिए से सही नहीं है। अगर लालू परिवार को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मौजूदा सरकार की होगी।













