पीके ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा के बाद किया रोड शो, भाजपा उम्मीदवार नीरज ने भी भरा पर्चा; नामांकन के बाद वीणा मानवी गिरफ्तार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को पटना समाहरणालय के बाहर उस समय हंगामा मच गया जब तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उधर, चुनावी अखाड़े में उतरे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद लेकर मेगा रोड शो किया और उन्होंने भी सोमवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। वहीं, भाजपा द्वारा उतारे गए नए युवा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने भी सोमवार को पूरे लाव-लश्कर के साथ पर्चा भरा।
DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को पटना समाहरणालय के बाहर उस समय हंगामा मच गया जब तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वीणा मानवी ने जैसे ही अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर बाहर कदम रखा पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगीं, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें कस्टडी में ले लिया।
गिरफ्तारी के दौरान कलेक्ट्रेट के गेट पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। वीणा मानवी लगातार रोती रहीं, चिल्लाती रहीं और खुद को बचाने के लिए पुलिस की गाड़ी और कार्यालय के गेट को पीटती रहीं। उन्होंने मीडिया के सामने चिल्लाते हुए कहा कि यह सब भाजपा करवा रही है, मैंने कोई क्राइम नहीं किया है। बीजेपी को अपनी हार का डर सता रहा है, इसलिए जानबूझकर मुझे निशाना बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक पुराने मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी था जिसके तहत यह कार्रवाई की गई है।
उधर, चुनावी अखाड़े में उतरे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद लेकर मेगा रोड शो किया और उन्होंने भी सोमवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन से पहले प्रशांत किशोर का एक अलग अंदाज देखने को मिला। प्रशांत किशोर सुबह अपनी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के साथ सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। इस दौरान वे माथे पर बड़ा त्रिपुंड लगाए नजर आए।
स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच प्रशांत किशोर महज पांच मिनट के लिए मंच पर पहुंचे और जनता का अभिवादन स्वीकार किया। जनसभा के बाद वे कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ रोड शो करते हुए समाहरणालय के लिए निकले। रोड शो में भरत तिवारी के पोस्टर भी नजर आए।
वहीं, अभिषेक बंटी के अचानक नाम वापस लेने के बाद भाजपा द्वारा उतारे गए नए युवा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने भी सोमवार को पूरे लाव-लश्कर के साथ पर्चा भरा। नामांकन से पहले नीरज सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में माथा टेका। इसके बाद वे नवीन स्मृति पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने बांकीपुर के पूर्व विधायक और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पिता नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की। भाजपा कार्यालय से वे एक विशेष रथ पर सवार होकर नामांकन के लिए निकले। इस मौके पर उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पूर्व मंत्री मंगल पांडे समेत एनडीए के कई सीनियर लीडर मौजूद रहे।
बांकीपुर विधानसभा सीट को भाजपा का सबसे मजबूत किला माना जाता है, जहां से खुद वर्तमान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार पांच बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद ही यह सीट खाली हुई है। पार्टी के गढ़ को बचाने के लिए नितिन नवीन आज खुद पटना पहुंच रहे हैं। वे यहां सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक करेंगे, जिसमें बांकीपुर उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने की रणनीति तैयार की जाएगी। बांकीपुर में अब मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है, जहां 30 जुलाई को मतदान होना है। मुख्य मुकाबला एनडीए समर्थित बीजेपी के नीरज सिन्हा, जन सुराज के प्रशांत किशोर और महागठबंधन समर्थित आरजेडी की रेखा गुप्ता के बीच है।













