बख्तियारपुर में दर्दनाक हादसा : गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार की सात बच्चियां डूबीं, स्थानीय लोगों ने तीन बच्चियों को सुरक्षित बचाया

पटना जिले के बख्तियारपुर के रानीसराय जहाजी घाट पर सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। पवित्र गंगा नदी में स्नान करने के दौरान एक ही परिवार की सात मासूम बच्चियां तेज धार की चपेट में आकर डूब गईं। गनीमत रही कि घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन चार बच्चियां नदी के गहरे पानी में समा गईं।

बख्तियारपुर में दर्दनाक हादसा : गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार की सात बच्चियां डूबीं, स्थानीय लोगों ने तीन बच्चियों को सुरक्षित बचाया

DESWA DESK : पटना जिले के बख्तियारपुर के रानीसराय जहाजी घाट पर सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। पवित्र गंगा नदी में स्नान करने के दौरान एक ही परिवार की सात मासूम बच्चियां तेज धार की चपेट में आकर डूब गईं। गनीमत रही कि घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन चार बच्चियां नदी के गहरे पानी में समा गईं।

बताया जा रहा है कि सोमवारी पर गंगा स्नान के लिए एक ही परिवार की सात बच्चियां घाट पर गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची गहरे पानी चली गई, जिसे बचाने के क्रम में सभी एक-एककर डूबने लगीं। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीन बच्चियों को बचा लिया। लेकिन, अवधेश चंद्रवंशी की पुत्री आरती और नंदनी के साथ ही कमलेश चंद्रवंशी की पुत्री राधिका तथा मंटू चंद्रवंशी की पुत्री स्मिता को नहीं बचाया जा सका। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने तीन बच्चियों के शव नदी से बरामद कर लिए हैं, जबकि एक लापता बच्ची की तलाश में गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। एक ही परिवार की मासूम बच्चियों की इस अकाल मौत से पूरे गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक अरुण कुमार साह घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने इस घटना के लिए बालू खनन कारोबारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। विधायक ने आरोप लगाया कि तटवर्ती इलाकों में बिना किसी रोक-टोक के अवैध बालू खनन किया जा रहा है, जिससे नदी के किनारे बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। पानी के अंदर इन अप्रत्याशित गड्ढों का अंदाजा न होने के कारण स्नान करने उतरीं मासूम बच्चियां सीधे गहरे पानी में समा गईं। उन्होंने प्रशासन से खनन माफिया पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।