“अबकी बार आर-पार”, TRE-4 अभ्यर्थियों ने बिहार सरकार को दिया 30 मई तक का समय

बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी पटना में हुए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद अब अभ्यर्थियों ने सरकार को सीधी चेतावनी दे..

“अबकी बार आर-पार”, TRE-4 अभ्यर्थियों ने बिहार सरकार को दिया 30 मई तक का समय

बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी पटना में हुए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद अब अभ्यर्थियों ने सरकार को सीधी चेतावनी दे दी है। छात्र नेताओं ने ऐलान किया है कि अगर 30 मई तक TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं हुआ, तो 1 जून से राज्यव्यापी महाआंदोलन शुरू किया जाएगा।

छात्र नेता खुशबू पाठक की ओर से जारी पोस्टर में लिखा गया है — “अबकी बार, आर-पार”। पोस्टर के जरिए अभ्यर्थियों ने साफ कहा है कि नोटिफिकेशन जारी नहीं होने पर “थाली-बेलन क्रांति आंदोलन” चलाया जाएगा। इसके तहत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एक बार फिर पटना की सड़कों पर उतरेंगे।

बुधवार को भी पटना में TRE-4 को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। पटना कॉलेज से लेकर बीपीएससी कार्यालय तक अभ्यर्थियों ने मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।

हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब प्रदर्शन उग्र होने लगा। पुलिस ने अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कई छात्र नेताओं और अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की और घसीटने जैसी कार्रवाई की।अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लगातार आश्वासन दे रही है, लेकिन अब तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। इसी वजह से छात्रों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

वहीं इस पूरे मामले पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री Mithilesh Tiwari ने कहा कि सरकार TRE-4 को लेकर गंभीर है और जल्द ही परीक्षा का शेड्यूल जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग तैयारी में जुटा हुआ है और Bihar Public Service Commission के साथ लगातार बातचीत चल रही है।शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से आंदोलन छोड़कर परीक्षा की तैयारी करने की अपील करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है।