पूर्व विधायक गोपाल मंडल के परिवार को राहत,लापता बेटा बरामद

भागलपुर में पूर्व विधायक गोपाल मंडल के परिवार को लेकर पिछले दो दिनों से चल रही चिंता आखिरकार खत्म हो गई। जदयू के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के लापता बेटे तरुण...

पूर्व विधायक गोपाल मंडल के परिवार को राहत,लापता बेटा बरामद

भागलपुर में पूर्व विधायक गोपाल मंडल के परिवार को लेकर पिछले दो दिनों से चल रही चिंता आखिरकार खत्म हो गई। जदयू के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के लापता बेटे तरुण कुमार नीरज को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। खास बात यह है कि पुलिस ने मामला दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर तरुण को खोज निकाला। वह अपने ही घर के पास बरारी थाना क्षेत्र के मुसहरी टोला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मिला।

दोनों भाइयों के बीच कहासुनी

जानकारी के मुताबिक, 18 मई की शाम तरुण कुमार नीरज का अपने छोटे भाई आशीष मंडल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों भाइयों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में तरुण घर छोड़कर चला गया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिवार का उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

तरुण के अचानक गायब होने से गोपाल मंडल के परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार, रिश्तेदार और समर्थक लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। भागलपुर के अलावा पूर्णिया, कटिहार, नवगछिया, मुंगेर, कहलगांव, पीरपैंती, रुपौली और धमदाहा समेत कई इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार बरारी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

मामला पूर्व विधायक के परिवार से जुड़ा होने के कारण भागलपुर एसएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार और टेक्निकल सेल की टीम ने मोबाइल लोकेशन और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच शुरू की।

पुलिस की टीम ने बुधवार शाम मुसहरी टोला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से तरुण कुमार नीरज को सकुशल बरामद कर लिया। युवक के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार और समर्थकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि तरुण पूरी तरह सुरक्षित है और पूरे मामले की आगे जांच की जा रही है।