किशनगंज में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात बदमाश के पैर में लगी गोली
बिहार में अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच किशनगंज से देर रात बड़ी खबर सामने आई। टाउन थाना क्षेत्र के फरींगोला रेलवे गुमटी के पास पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले बदमाश.
बिहार में अपराधियों के खिलाफ लगातार चल रहे पुलिस एक्शन के बीच अब बुधवार को किशनगंज में देर रात हुई मुठभेड़ ने सनसनी फैला दी है। फरींगोला रेलवे गुमटी के पास पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई गोलीबारी में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस का दावा है कि आरोपी कई जिलों में लूट, छिनतई और बाइक चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।वहीं सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल किशनगंज में चल रहा है।
एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश
जिला पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे गुमटी के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम इलाके में जांच और सत्यापन के लिए पहुंची। देर रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने बिना नंबर की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक भागने लगा।
आरोपी के पैर में गोली लग गई
पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। घटनास्थल से बिना नंबर की बाइक, पिस्टल, खोखा और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
अंतरराज्यीय लूट, छिनतई और चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य
प्रारंभिक पूछताछ में घायल अपराधी की पहचान पवन कुमार उर्फ चिंटू यादव के रूप में हुई है। वह कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र के रौतारा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वह अंतरराज्यीय लूट, छिनतई और चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ बिहार और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पटना, अररिया, मुंगेर समेत कई जिलों में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। हाल के दिनों में किशनगंज में हुई बाइक चोरी और छिनतई की कई घटनाओं में भी उसके गिरोह की संलिप्तता की बात सामने आई है।













