तेज प्रताप–ऐश्वर्या तलाक मामले में आज अहम दिन, फैमिली कोर्ट में फिर होगी सुलह की कोशिश
बिहार की राजनीति से जुड़े हाईप्रोफाइल तलाक मामले में आज एक बार फिर अहम सुनवाई होने जा रही है। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के बीच चल रहे विवाद को लेकर पटना फैमिली कोर्ट में आज सुलह कराने की तीसरी कोशिश की जाएगी। फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज सुनील दत्त पांडेय दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझौते की संभावना तलाशेंगे।कोर्ट ने पहले ही दोनों पक्षों..........
बिहार की राजनीति से जुड़े हाईप्रोफाइल तलाक मामले में आज एक बार फिर अहम सुनवाई होने जा रही है। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के बीच चल रहे विवाद को लेकर पटना फैमिली कोर्ट में आज सुलह कराने की तीसरी कोशिश की जाएगी। फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज सुनील दत्त पांडेय दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझौते की संभावना तलाशेंगे।कोर्ट ने पहले ही दोनों पक्षों को मध्यस्थता प्रक्रिया में सहयोग करने का निर्देश दिया है। यह मामला पहले फैमिली कोर्ट में चला, इसके बाद पटना हाईकोर्ट पहुंचा और अब फिर से सुनवाई के लिए फैमिली कोर्ट में लौट आया है।
हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप से किया इनकार
दरअसल पटना हाईकोर्ट ने ऐश्वर्या राय की रिव्यू पिटीशन खारिज करते हुए स्पष्ट कर दिया था कि वह इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगा और दोनों पक्षों को मध्यस्थता प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। इसके बाद अब फैमिली कोर्ट में समझौते की कोशिश फिर शुरू की गई है।सीनियर वकील सर्वदेव सिंह के अनुसार, अगर कोर्ट के सामने तलाक के पर्याप्त साक्ष्य नहीं प्रस्तुत किए जाते हैं, तो तेज प्रताप यादव की तलाक याचिका को खारिज भी किया जा सकता है।
अनुष्का को लेकर विवाद से मामला और जटिल
इस बीच तेज प्रताप यादव का नाम अनुष्का नाम की महिला के साथ संबंधों को लेकर भी चर्चा में रहा है। अनुष्का द्वारा संतान को जन्म देने के बाद यह मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया। हालांकि तेज प्रताप यादव ने सार्वजनिक रूप से इस संबंध से इनकार किया है।कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि हिंदू मैरिज एक्ट के तहत पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी या विवाह जैसे संबंध गैरकानूनी माने जाते हैं। ऐसे में कोर्ट ऐश्वर्या राय को कानूनी कार्रवाई की सलाह भी दे सकता है।यह विवाद इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि तेज प्रताप यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बड़े बेटे हैं। वहीं ऐश्वर्या राय, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पोती और वरिष्ठ नेता चंद्रिका राय की बेटी हैं।
शादी के एक साल बाद ही शुरू हुआ विवाद
तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी 12 मई 2018 को बड़े धूमधाम से हुई थी, लेकिन शादी के एक साल के भीतर ही रिश्ते में दरार आ गई। 2019 में ऐश्वर्या राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें ससुराल में प्रताड़ित किया गया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ता गया और मामला तलाक तक पहुंच गया।कानूनी जानकारों का मानना है कि अब तक के घटनाक्रम को देखते हुए समझौते की संभावना कम नजर आ रही है। ऐसे में कोर्ट की अगली कार्रवाई और फैसला दोनों पक्षों के भविष्य के लिए अहम साबित होगा।













