बिहार में अब हर शुक्रवार पर्यावरण संरक्षण के नाम, मंत्री दीपक प्रकाश की अपील
बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की है। विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों...
बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की है। विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे हर शुक्रवार कार्यालय आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल या पैदल चलने को प्राथमिकता दें।मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह कोई आदेश या बाध्यता नहीं है, बल्कि स्वेच्छा से अपनाने की अपील है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी साइकिल या पैदल चलकर दफ्तर आएंगे, उन्हें विभाग की ओर से प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
ईंधन की खपत आज बड़ी चुनौती
दीपक प्रकाश ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और तेजी से बढ़ रही ईंधन की खपत आज बड़ी चुनौती बन चुकी है। ऐसे समय में छोटे-छोटे कदम भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। उनका मानना है कि अगर सरकारी विभाग इस तरह की पहल करेंगे, तो समाज के दूसरे लोग भी इससे प्रेरित होंगे।उन्होंने कहा कि सरकार पहले से ही हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठा रही है। ऐसे में यह पहल लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में मददगार साबित होगी।
साइकिल चलाना और पैदल चलना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी
मंत्री ने यह भी कहा कि साइकिल चलाना और पैदल चलना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। इससे शरीर सक्रिय रहता है और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है। लंबे समय तक कुर्सी पर बैठकर काम करने से बढ़ रही स्वास्थ्य समस्याओं के बीच यह पहल लोगों को फिट रहने के लिए भी प्रेरित करेगी।पंचायती राज विभाग की इस पहल को पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिहाज से सकारात्मक कदम माना जा रहा है। विभाग को उम्मीद है कि आने वाले समय में अधिक लोग पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
।













