देशभर में पेट्रोल-डीजल महंगा, आम जनता पर महंगाई की नई मार

देशभर में शुक्रवार की सुबह आम लोगों के लिए महंगाई भरी खबर लेकर आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में आई तेज उछाल का असर अब सीधे भारतीय ग्राहकों की जेब पर पड़ने...

देशभर में पेट्रोल-डीजल महंगा, आम जनता पर महंगाई की नई मार

देशभर में शुक्रवार की सुबह आम लोगों के लिए महंगाई भरी खबर लेकर आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में आई तेज उछाल का असर अब सीधे भारतीय ग्राहकों की जेब पर पड़ने लगा है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में अचानक तीन रुपये प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।वैश्विक बाजार में ऊर्जा की जो कीमतें इतनी तेजी से बढ़ी हैं, उसका सीधा बोझ अब तेल कंपनियों ने ग्राहकों के कंधों पर डाल दिया है।

दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67

बता दें कि नई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े महानगरों में भी तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। बढ़ती कीमतों का सीधा असर अब लोगों के दैनिक खर्च और परिवहन लागत पर पड़ने वाला है।

पेट्रोल के दाम 3.29 रुपये बढ़कर अब 108.74 रुपये

दिल्ली के अलावा देश के अन्य प्रमुख महानगरों में भी पेट्रोल की कीमतों में बहुत बड़ी तेजी आई है। कोलकाता में पेट्रोल के दाम 3.29 रुपये बढ़कर अब 108.74 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढ़कर 106.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है। दक्षिण भारत के बड़े शहर चेन्नई की बात करें, तो वहां भी पेट्रोल के दामों में 2.83 रुपये का भारी उछाल आया है और इसकी नई कीमत 103.67 रुपये प्रति लीटर तय कर दी गई है।

चेन्नई में डीजल की कीमत 2.86 रुपये बढ़ाई गई 

कोलकाता शहर में डीजल के दामों में 3.11 रुपये का भारी इजाफा हुआ है, जिसके बाद वहां एक लीटर डीजल 95.13 रुपये में बिक रहा है। मुंबई में भी डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 93.14 रुपये प्रति लीटर के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा चेन्नई में डीजल की कीमत 2.86 रुपये बढ़ाई गई है, जिससे वहां डीजल का नया और बढ़ा हुआ रेट अब 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

आम जनता पर महंगाई का दबाव

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और ऊर्जा कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव की वजह से आने वाले दिनों में आम जनता पर महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की कई चीजों की कीमतों में भी असर देखने को मिल सकता है।