बिहार में अपराधियों को 48 घंटे में जवाब, विकास योजनाओं के साथ CM का सख्त संदेश

बिहार की राजधानी पटना को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा विजन पेश किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को साफ कहा कि आने वाले समय..

बिहार में अपराधियों को 48 घंटे में जवाब, विकास योजनाओं के साथ CM का सख्त संदेश

बिहार की राजधानी पटना को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा विजन पेश किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को साफ कहा कि आने वाले समय में गंगा नदी के दोनों किनारों पर राजधानी का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत 66 हजार एकड़ में ‘पाटलिपुत्र’ नाम से नया टाउनशिप विकसित होगा, जबकि सोनपुर में हरिहरनाथ टाउनशिप बसाने की योजना पर भी काम शुरू किया जा रहा है।

 अगले साल मार्च तक पूरा करने का निर्देश

सोमवार को मुख्यमंत्री नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1289 मीटर लंबी फोरलेन सड़क तैयार हो चुकी है, जो आयकर चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगी। आगे इस सड़क को जेपी गंगा पथ से भी कनेक्ट किया जाएगा। अधिकारियों को यह काम अगले वर्ष 31 मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा

सीएम ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से पूरा इलाका तेजी से आवासीय क्षेत्र से कॉमर्शियल हब में तब्दील होगा। आने वाले समय में यहां बड़े मॉल, शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुलेंगे, जिससे रोजगार और कारोबार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम है और जो भी अपराधी पुलिस को चुनौती देगा, उसे 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी जाति या धर्म का क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। राज्य को अपराधमुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

मेट्रो परियोजना की गति तेज करने पर भी जोर 

वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में जलजमाव की समस्या को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क किया। उन्होंने नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि राजधानी में जलनिकासी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही पटना मेट्रो परियोजना की गति तेज करने पर भी जोर दिया।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि गंगा नदी में करीब डेढ़ महीने के भीतर वाटर मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का भी उल्लेख किया।