गांधी मैदान शपथ ग्रहण समारोह: पटना के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद

पटना में आज प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के रोड शो और गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। प्रशासन ने सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर आम ..

गांधी मैदान शपथ ग्रहण समारोह: पटना के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद

पटना में आज प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के रोड शो और गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। प्रशासन ने सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जबकि लोगों से घर से जल्दी निकलने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

प्रशासन के अनुसार एंबुलेंस, शव वाहन, आमंत्रित अतिथि और पासधारक वाहनों को ही निर्धारित रूटों पर अनुमति रहेगी। आम लोगों के वाहनों का परिचालन एयरपोर्ट, बेली रोड, पटेल गोलंबर, गर्दनीबाग, डाकबंगला, गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इन रूटों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध

*डुमरा टीओपी (शेखपुरा मोड़) से एयरपोर्ट तक

*एयरपोर्ट गोलंबर से पूरब पटेल गोलंबर तक

*राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर की ओर

*चितकोहरा गोलंबर से उत्तर, गर्दनीबाग आरओबी और आर ब्लॉक आरओबी के उत्तर

*नेहरू पथ पर बोरिंग रोड क्रॉसिंग से पूरब दोनों फ्लैंक पर

*किदवईपुरी से आयकर गोलंबर की ओर

*आर ब्लॉक के नीचे और दारोगा राय पथ से वीरचंद पटेल पथ तक

*आयकर गोलंबर से डाकबंगला होते हुए चिल्ड्रेन पार्क तक

*भट्टाचार्या चौराहा से गांधी मैदान की ओर

*पटना जंक्शन से डाकबंगला की ओर

*पुलिस लाइन तिराहा से गांधी मैदान तक

वाहन, ठेला, खोमचा की पार्किंग वर्जित रहेगी

जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक व डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन गोलंबर तक के मार्ग, रामगुलाम चौक से दक्षिण एक्जीबिशन रोड में सड़क पर, जिलाधिकारी आवास (चिल्ड्रेन पार्क) से पुलिस लाइन तिराहा तक, गांधी मैदान के बाहर चारों तरफ सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहन, ठेला, खोमचा की पार्किंग वर्जित रहेगी।आइएमए हाॅल, होटल पनाश, ट्वीन टावर, मौर्या होटल के सभी कटिंग से गांधी मैदान की ओर भी किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन नहीं होगा।अशोक राजपथ में जामुन गली मोड़ से पश्चिम (कारगिल चौक) की तरफ किसी भी प्रकार के वाहन के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।

मंचासीन पास धारक के वाहनों का प्रवेश 

वहीं गांधी मैदान गेट नं-12 से शपथ ग्रहण हेतु मंत्रीगण व अन्य मंचासीन पास धारक के वाहनों का प्रवेश होगा एवं निर्धारित स्थल पर पार्क होगा।अतिविशिष्ट व विशिष्ट (कार्यक्रम के एक घंटा पूर्व) का प्रवेश गांधी मैदान गेट नं-चार से होगा व गांधी मैदान के अंदर गेट नं-4 के सामने खाली स्थान पर कतारबद्ध तरीके से पार्किंग करायी जायेगी।

गेट नं-11 से मीडिया कर्मी के वाहनों का प्रवेश 

पार्किंग दीर्घा भर जाने की स्थिति में वैकल्पिक पार्किंग के रूप में ज्ञान भवन व एएन सिन्हा और मगध महिला कॉलेज के पार्किंग परिसर में पार्किंग करायी जायेगी।कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कृष्णाघाट अशोक राजपथ से आने वालों का प्रवेश गांधी मैदान गेट नं-7,8, 9 एवं 10 से कराया जायेगा। गेट नं-11 से मीडिया कर्मी के वाहनों का प्रवेश होगा।