सीतामढ़ी में अयोध्या की तर्ज पर बनेगा जानकी मंदिर, सीएम नीतीश ने शेयर किया डिजाइन, पुनौराधाम को मिलेगा नया धार्मिक स्वरूप

बिहार को जल्द ही एक नया धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पुनौराधाम (सीतामढ़ी) में मां जानकी मंदिर के प्रस्तावित भव्य डिज़ाइन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने बताया कि मंदिर के निर्माण कार्य को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए एक ट्रस्ट का गठन भी कर दिया गया है। नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि "मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिजाइन तैयार हो गया है।"
बिहारवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य की बात-सीएम नीतीश
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह मंदिर बिहारवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। राज्य सरकार इस कार्य को शीघ्र पूरा करने हेतु कृतसंकल्पित है। सरकार ने मंदिर निर्माण को प्राथमिकता पर रखते हुए एक विशेष ट्रस्ट का गठन किया है, जिससे कार्य में देरी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंदिर राष्ट्रीय महत्व का धार्मिक स्थल बनेगा और इसे पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जाएगा।
ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष
जानकारी के लिए बता दें कि पुनौराधाम को अयोध्या के राम मंदिर के तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यह स्थान माता सीता का जन्मस्थल माना जाता है, जिससे इसका ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। राम और सीता की सांस्कृतिक कड़ी को जोड़ने में यह मंदिर एक सेतु की भूमिका निभाएगा।