समस्तीपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई; रोसड़ा डीसीएलआर कंचन कुमारी झा के आवास पर छापेमारी
बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। ताजा मामले में निगरानी ब्यूरो की टीम ने समस्तीपुर जिले के रोसड़ा में पदस्थापित भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) कंचन कुमारी झा के सरकारी आवास पर अचानक दबिश दी। इस छापेमारी से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और रिश्वतखोरी से जुड़ी शिकायतों के आधार पर की गई है।
DESWA DESK : बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। ताजा मामले में निगरानी ब्यूरो की टीम ने समस्तीपुर जिले के रोसड़ा में पदस्थापित भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) कंचन कुमारी झा के सरकारी आवास पर अचानक दबिश दी। इस छापेमारी से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और रिश्वतखोरी से जुड़ी शिकायतों के आधार पर की गई है।
निगरानी की टीम ने डीसीएलआर के रोसड़ा स्थित आवास को चारों तरफ से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। छापेमारी के दौरान आवास के मुख्यद्वार को बंद कर दिया गया और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। टीम में शामिल अधिकारी आवास के भीतर मौजूद चल-अचल संपत्ति, बैंक खातों, निवेश से जुड़े कागजातों और लॉकर की गहनता से जांच कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, जमीन से जुड़े मामलों और दाखिल-खारिज में लगातार मिल रही गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद निगरानी विभाग ने यह जाल बिछाया था। डीसीएलआर कंचन कुमारी झा के आवास पर छापेमारी की खबर फैलते ही समस्तीपुर के राजस्व और प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है। निगरानी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने और संपत्ति का अंतिम आकलन होने के बाद ही इस संबंध में आधिकारिक ब्योरा साझा किया जाएगा।













