राज्य सरकार के स्टेट हाई-वे पर सिर्फ कॉमर्शियल गाड़ियों पर ही टोल टैक्स, सीएम ने की अररिया में मेडिकल कॉलेज-फारबिसगंज में एयरपोर्ट की घोषणा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए कहा कि राज्य सरकार के स्टेट हाई-वे पर सिर्फ कॉमर्शियल गाड़ियों को ही टोल टैक्स देना होगा। इसके साथ ही उन्होंने अररिया में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और फारबिसगंज में एयरपोर्ट बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन के कष्टों का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए कहा कि राज्य सरकार के स्टेट हाई-वे पर सिर्फ कॉमर्शियल गाड़ियों को ही टोल टैक्स देना होगा। इसके साथ ही उन्होंने अररिया में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और फारबिसगंज में एयरपोर्ट बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन के कष्टों का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का निवारण कर रही है ताकि हर नागरिक को समय पर न्याय मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 4 लाख 53 हजार 62 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 4 लाख 25 हजार 660 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। अररिया जिले में 7,130 आवेदनों में से 6,845 निष्पादन हो चुका है और 285 आवेदन लंबित हैं। हरिपुर पंचायत में प्राप्त 259 आवेदनों में से 245 का निष्पादन हो चुका है और 14 अवेदन लंबित हैं। बिहार में जो आवेदन प्राप्त हुये हैं उसमें से पहला नोटिस 12 हजार 869 को जबकि दूसरा नोटिस 340 को तथा तीसरा नोटिस 13 संबंधित पदाधिकारियों को भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि यह प्रशासन की जवाबदेही और तेज कार्यशैली का प्रमाण है। हमने व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का निर्णय लिया है। जनता को कष्ट होगा, तो सरकार को भी कष्ट होगा। जनता की समस्या का समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्तर पर प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को पटना में जिन समस्याओं का निदान सहयोग शिविर के माध्यम से नहीं हो सका है या आवेदक को लगता है कि गलत आदेश जारी किया गया है, उसका समाधान किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने विकसित भारत का सपना देखा और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है। केन्द्र सरकार ने बिहार के विकास के लिये मिलनेवाली राशि को 16वें वित्त आयोग में 20 हजार करोड़ रूपये से बढ़ाकर 50 हजार रूपये कर दिया है। सरकार गरीब एवं कमजोर वर्गों के कल्याण के लिये लगातार काम कर रही है। विधवा, दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रूपये कर दी गई है। राज्य के सभी परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जिन घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगेंगे और 125 यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन होगा, वहां अतिरिक्त बिजली के बदले सरकार सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में राशि भेजेगी।
प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पंचायत स्तर पर किसानों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं गरीबों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट हाई-वे पर टोल टैक्स को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिये। निजी वाहनों पर किसी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लगेगा। केवल व्यवसायिक वाहनों से ही टैक्स लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। 15 जुलाई तक राज्य के शेष सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की व्यवस्था पूरी कर दी जायेगी।
सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित किये जायेंगे। साथ ही प्रखंडों में खुलनेवाले मॉडल स्कूलों एवं ग्रामीण हाई स्कूलों में भी कोचिंग की व्यवस्था की जायेगी ताकि
विद्यार्थियो को पढ़ाई के लिये बड़े शहरों या पटना नहीं जाना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और घुसपैठ के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए 735 किलोमीटर सीमा पर 194 बीओपी स्थापित किए गये हैं। उन्होंने कहा कि फारबिसगंज एयरपोर्ट के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है और अगले वित्तीय वर्ष में निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास होगा। अररिया में मेडिकल कॉलेज के लिए भी भूमि उपलब्ध है जल्द ही इसका शिलान्यास किया जायेगा।
इसके अतिरिक्त फोरलेन सड़क, सिलीगुड़ी-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे, कोसी-मेची लिंक परियोजना, बैरगाछी-सिकटी सड़क, टैक्सगंज-सुकेला बाईपास तथा सुभाष चौक आरओबी जैसे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है तथा जिन लाभार्थियों के खातों में राशि अभी तक नहीं पहुंची है, उन्हें इसी महीने भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर बिहार के गरीबों को न्याय दिलाने और समृद्ध बिहार के निर्माण का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिखाए गए विकास के मार्ग पर चलते हुए बिहार को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज झमाझम बारिश के बीच में आप सभी उपस्थित हैं, इसके लिये धन्यवाद देता हूं और कामना करता हूं कि किसानों की समृद्धि हो और बिहार का सतत विकास हो। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अभियान बसेरा-2, आयुष्मान वय वंदन कार्ड, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किया।













