बक्सर DTO कार्यालय में शराब बरामदगी से मचा बवाल, पूर्व विधायक ने CM से मांगी सख्त कार्रवाई

बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बक्सर जिला परिवहन कार्यालय (DTO Office) में शराब बरामद होने के मामले ने राजनीतिक गलियारों से लेकर प्रशासनिक..

बक्सर DTO कार्यालय में शराब बरामदगी से मचा बवाल, पूर्व विधायक ने CM से मांगी सख्त कार्रवाई

बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बक्सर जिला परिवहन कार्यालय (DTO Office) में शराब बरामद होने के मामले ने राजनीतिक गलियारों से लेकर प्रशासनिक महकमे तक हलचल बढ़ा दी है। अब इस मामले में पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व विधायक ने अपने पत्र में कहा कि 14 मई 2026 को DTO कार्यालय में शराब बरामद होने की खबर विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई थी। उन्होंने इसे बिहार में लागू शराबबंदी कानून की खुली धज्जियां उड़ाने वाला मामला बताया और कहा कि इससे राज्य सरकार की छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अधिकारियों की मिलीभगत होने का भी आरोप

मुन्ना तिवारी ने आरोप लगाया कि जब सरकारी कार्यालयों में ही शराब मिल रही है, तो आम जनता में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।पूर्व विधायक ने सीमावर्ती जिलों में शराब तस्करी और अवैध कारोबार में अधिकारियों की मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने जांच में कार्यालय के CCTV फुटेज को शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।

एफआईआर की कॉपी मांगने पर टालमटोल

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों से एफआईआर की कॉपी मांगने पर टालमटोल की जा रही है, जिससे मामले को दबाने की आशंका बढ़ गई है। मुन्ना तिवारी ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।अपने पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार को बदनाम करने के लिए जिले में कुछ लापरवाह और कर्तव्यहीन अधिकारी सक्रिय हैं। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रशासनिक कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।