पटना के बख्तियारपुर में युवक की हत्या के बाद बवाल, आक्रोशित लोगों ने थाने पर किया पथराव
इसी दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने बख्तियारपुर थाना पर भी पथराव कर दिया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने में जुटी रही। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या की गई है।
DESWA DESK : पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के अंबेदकर नगर में मंगलवार की शाम ज्ञानदीप कुमार की चाकू से गोदकर हत्या के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। हत्या की घटना से नाराज ग्रामीणों ने युवक के शव को एसएच-106 पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
ग्रामीणों का कहना था कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उचित कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
इसी दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने बख्तियारपुर थाना पर भी पथराव कर दिया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने में जुटी रही। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या की गई है।
घटना में युवक को बचाने पहुंची उसकी मां शांति देवी को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।