पटना में दुस्साहस : एसएसपी की क्राइम मीटिंग के बीच प्रॉपर्टी डीलर को मारी चार गोलियां, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर स्थित ज्योतिष बाबा रोड की है। पीड़ित की पहचान शुभम कुमार यादव के रूप में हुई है। बेखौफ अपराधियों ने शुभम को निशाना बनाते हुए उसके सीने में ताबड़तोड़ चार गोलियां उतार दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से आसानी से फरार हो गए। यह पूरी सनसनीखेज घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों का दुस्साहस साफ नजर आ रहा है।
DESWA DESK : राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन को सरेआम चुनौती दी है। एक तरफ जहां मंगलवार की शाम पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए क्राइम मीटिंग ले रहे थे, वहीं दूसरी तरफ अपराधियों ने बेखौफ होकर एक प्रॉपर्टी डीलर को चार गोलियां मार दी।
घटना रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर स्थित ज्योतिष बाबा रोड की है। पीड़ित की पहचान शुभम कुमार यादव के रूप में हुई है। बेखौफ अपराधियों ने शुभम को निशाना बनाते हुए उसके सीने में ताबड़तोड़ चार गोलियां उतार दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से आसानी से फरार हो गए। यह पूरी सनसनीखेज घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों का दुस्साहस साफ नजर आ रहा है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल शुभम को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही रामकृष्णा नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। प्राथमिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि, एसएसपी की मीटिंग के दौरान हुई इस वारदात से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और इलाके के लोगों में भारी दहशत का माहौल है।