बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ग्रामीण विकास विभाग के इंजीनियर पर EOU रेड

बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) लगातार सख्ती दिखा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव...

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ग्रामीण विकास विभाग के इंजीनियर पर EOU रेड

बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) लगातार सख्ती दिखा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की गई। पटना और जमुई समेत 4 जगहों पर चल रही छापेमारी में अब तक लाखों रुपए कैश, गहने, बैंक दस्तावेज और जमीन से जुड़े अहम कागजात बरामद हुए हैं।

फ्लैट नंबर F-2 से करीब 40 लाख रुपए नकद मिले

जानकारी के मुताबिक, पटना की मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर F-2 से करीब 40 लाख रुपए नकद मिले हैं। इसके अलावा लाखों रुपए के गहने भी बरामद किए गए हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है। शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे EOU की टीम यहां जांच के लिए पहुंची थी।वहीं जमुई में की गई कार्रवाई के दौरान 8.39 लाख रुपए कैश बरामद हुए हैं। अधिकारियों की टीम नोटों की गिनती और दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है। छापेमारी के दौरान कई बैंकों की पासबुक, निवेश से जुड़े दस्तावेज और जमीन के कागजात भी मिले हैं।

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर तैनात 

बताया जा रहा है कि गोपाल कुमार वर्तमान में जमुई के झाझा में ग्रामीण विकास विभाग में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। आर्थिक अपराध इकाई ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था। कोर्ट से वारंट मिलने के बाद EOU ने यह कार्रवाई शुरू की।फिलहाल EOU की टीम सभी दस्तावेजों और बरामद संपत्तियों का आकलन कर रही है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

करीब 2 करोड़ 61 हजार रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा

EOU की जांच और सत्यापन में शुरुआत में पाया गया कि अधिकारी ने अपनी ज्ञात आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच में करीब 2 करोड़ 61 हजार रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है।इसके बाद ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पटना और जमुई समेत 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू

शनिवार सुबह पटना और जमुई समेत 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू हुई। ये मामला आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-08/26, दिनांक 15 मई 2026 के तहत दर्ज किया गया है।इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13 (2) सहपठित धारा 13(1) (बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट लेने के बाद ये कार्रवाई की।