सड़क निर्माण पर उठे सवालों पर भड़कीं मैथिली ठाकुर, कहा—भ्रामक वीडियो से विकास बाधित

दरभंगा के घनश्यामपुर प्रखंड में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर एक वायरल वीडियो ने सियासी माहौल गरमा दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में निर्माण की गुणवत्ता पर...

सड़क निर्माण पर उठे सवालों पर भड़कीं मैथिली ठाकुर, कहा—भ्रामक वीडियो से विकास बाधित

दरभंगा के घनश्यामपुर प्रखंड में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर एक वायरल वीडियो ने सियासी माहौल गरमा दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने इसे सिरे से खारिज करते हुए भ्रामक और साजिश करार दिया है। उन्होंने साफ कहा कि यह उनकी छवि धूमिल करने और विकास कार्यों को बाधित करने की कोशिश है।

‎विधायक मैथिली ठाकुर ने बताया कि सुबह उन्होंने जैसे ही यह वीडियो देखा, वह काफी आहत हुईं। वीडियो में अधूरे निर्माण कार्य को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर पूरी स्थिति की जानकारी ली।

‎खराब गुणवत्ता बताना पूरी तरह भ्रामक

‎जांच में सामने आया कि सड़क निर्माण कार्य अभी शुरुआती चरण में है और लेयरिंग का काम बाकी है। विधायक ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अभी अलकतरा की अंतिम परत डाली जानी है, इसलिए अधूरी सड़क को खराब गुणवत्ता बताना पूरी तरह भ्रामक है।

‎उन्होंने कहा कि वह हमेशा जनता के हित और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देती हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी ही सरकार से सवाल करने में भी पीछे नहीं हटतीं। लेकिन कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए गलत जानकारी फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

‎भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर अब सख्त नजर

‎मैथिली ठाकुर ने चेतावनी दी कि इस तरह के भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर अब सख्त नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि विकास कार्यों को प्रभावित न करें और यदि कहीं गड़बड़ी हो तो जिम्मेदारी से उसका विरोध करें।अंत में उन्होंने भरोसा जताया कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होगा और किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर वह खुद कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।

‎जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए ही उन्होंने विधानसभा की शपथ ली

‎उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए ही उन्होंने विधानसभा की शपथ ली है।उन्होंने कहा कि ऐसे विवादों का सबसे बड़ा नुकसान गांव के लोगों को होता है, क्योंकि इससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि गलत और भ्रामक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ आगे सख्त कदम उठाए जाएंगे