दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या पर सियासत तेज, मांझी के बयान पर तेजस्वी का हमला
दिल्ली में खगड़िया के रहने वाले युवक पांडव कुमार की हत्या ने न सिर्फ एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है, बल्कि इस घटना ने अब सियासी रंग भी ले लिया है। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया ..
दिल्ली में खगड़िया के रहने वाले युवक पांडव कुमार की हत्या ने न सिर्फ एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है, बल्कि इस घटना ने अब सियासी रंग भी ले लिया है। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का एक विवादित बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा— “मार दिया तो मार दिया, कौन सी बड़ी बात है...”।यह बयान सामने आते ही मृतक के परिवार का दर्द और गहरा हो गया। एक ओर जहां परिजन इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मंत्री के इस बयान ने लोगों में गुस्सा पैदा कर दिया है।
परिवार के जख्मों पर नमक?
पांडव कुमार की हत्या पहले ही परिवार के लिए असहनीय त्रासदी है। ऐसे में एक जिम्मेदार पद पर बैठे मंत्री के शब्दों ने संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस बयान की कड़ी आलोचना हो रही है।बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मांझी के बयान को “बेहद घटिया” बताते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की है।
तेजस्वी ने कहा,“21 साल से बिहार में NDA की सरकार है और जिस युवक की हत्या हुई उसकी उम्र भी 21 साल थी। सरकार हर बात के लिए हमें दोष दे रही है। यह बयान बेहद शर्मनाक है, उन्हें माफी मांगनी चाहिए।”
इतना ही नहीं, उन्होंने नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली में बिहारी बोलने पर गोली मारी जा रही है।”
मांझी का सफाई और डैमेज कंट्रोल
वहीं विवाद बढ़ने के बाद जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने इसे “अत्यंत दुःखद” बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मांझी ने लिखा कि, 'दिल्ली के उत्तम नगर में हुई डिलीवरी बॉय पाण्डव कुमार की हत्या अत्यंत दुःखद है। बिहार के मेहनतकश और स्वाभिमानी युवाओं के साथ हुई इस अन्यायपूर्ण घटना ने मुझे बहुत आहत किया है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिले यह हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) की पहली प्राथमिकता है।'













