बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नालंदा में महिला अफसर रंगे हाथ गिरफ्तार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए निगरानी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड में तैनात बीपीआरओ अनुष्का कुमारी पर आरोप है कि उन्होंने छठ घाट की सीढ़ी निर्माण योजना...
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए निगरानी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड में तैनात बीपीआरओ अनुष्का कुमारी पर आरोप है कि उन्होंने छठ घाट की सीढ़ी निर्माण योजना को शुरू करने और फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। खपुरा गांव के निवासी अजय कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
निगरानी विभाग ने विशेष टीम का गठन किया
जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने विशेष टीम का गठन किया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को पैसे देकर अधिकारी के पास भेजा गया, जबकि टीम के सदस्य पहले से ही वहां मौजूद थे। जैसे ही अजय कुमार ने 12 हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुष्का कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ के उपरांत माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में उपस्थित किया जाएगा। वहीं अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
निगरानी विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि यह एक हफ्ते के भीतर निगरानी विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 16 मार्च को चंडी प्रखंड के बीआरसी में तैनात शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। यह कार्रवाई भी एक पीड़ित शिक्षिका की शिकायत के बाद की गई थी। बता दें कि लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर सख्ती से अमल किया जा रहा है।













