बदलते मौसम ने बढ़ाई चिंता, 25 जिलों में वर्षा और तेज हवा का अलर्ट,पटना समेत कई जिलों में बारिश
बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और इसका असर राजधानी पटना समेत कई जिलों में साफ दिख रहा है। शनिवार सुबह से ही प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। पटना में रात से शुरू हुई हल्की बारिश अभी भी हल्की बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना तो हुआ है लेकिन लोगों की....
बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और इसका असर राजधानी पटना समेत कई जिलों में साफ दिख रहा है। शनिवार सुबह से ही प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। पटना में रात से शुरू हुई हल्की बारिश अभी भी हल्की बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना तो हुआ है लेकिन लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।
बेतिया में सुबह तेज बारिश
पश्चिम चंपारण के बेतिया में सुबह तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि बगहा में हल्की बारिश हो रही है। इससे पहले शुक्रवार को राजधानी समेत 15 जिलों में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। इस दौरान 6 शहरों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे खासकर ग्रामीण इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचा है।मुजफ्फरपुर और आसपास के उत्तर बिहार के इलाकों में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश व ओले गिरे। समस्तीपुर के कई गांवों में 10-15 मिनट तक लगातार ओलावृष्टि होती रही। वहीं पूर्वी बिहार के जमुई ,बांका ,मुंगेर, और भागलपुर में भी धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली।
25 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए 25 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है। इनमें 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। बाकी 21 जिलों में यलो अलर्ट जारी है, जहां हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।अगले 48 घंटों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। पटना में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और एक सक्रिय ट्रफ लाइन
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और एक सक्रिय ट्रफ लाइन है। इसके साथ ही दिन में बढ़ती गर्मी से वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है, जिसके कारण अचानक बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति पैदा हो रही है।फिलहाल लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर खुले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है, क्योंकि तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।













