पटना में बारिश के बीच अदा हुई ईद की नमाज, गांधी मैदान में जुटे हजारों लोग; नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय
बिहार समेत पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बारिश के बीच हजारों लोगों ने नमाज अदा की। खराब मौसम के बावजूद बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं समेत करीब 20 हजार लोग नमाज में शामिल हुए।इस बार ईद के मौके पर सबसे ज्यादा......
बिहार समेत पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बारिश के बीच हजारों लोगों ने नमाज अदा की। खराब मौसम के बावजूद बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं समेत करीब 20 हजार लोग नमाज में शामिल हुए।इस बार ईद के मौके पर सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी को लेकर रही। पिछले लगभग 20 वर्षों से सर्वधर्म समभाव की नीति को अपनाते हुए मुख्यमंत्री खुद गांधी मैदान पहुंचकर नमाज के बाद लोगों से मुलाकात करते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया।
निशांत कुमार की सुरक्षा में सीएम सिक्योरिटी तैनात रही
बता दें कि उनकी जगह उनके बेटे निशांत कुमार कार्यक्रम में पहुंचे। निशांत कुमार की सुरक्षा में सीएम सिक्योरिटी तैनात रही और उनके साथ अशोक चौधरी समेत जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मंच पर मुस्लिम नेताओं ने निशांत कुमार का गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया।निशांत कुमार ने इस मौके पर कहा कि ईद के इस पाक अवसर पर मैं अपनी तरफ से, मेरे पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से देशवासियों और बिहार वासियों को बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। वहीं, अशोक चौधरी ने कहा कि हर साल ईद में मुसलमानों की खुशी में हमारे नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल होते थे। आज इस बार निशांत उनके खुशी में शामिल हुए हैं। बता दें कि गांधी मैदान में निशांत कुमार को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुपस्थिति
हालांकि, इस बार सबसे ज्यादा ध्यान जिस बात ने खींचा, वह था मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुपस्थिति। आमतौर पर वह खुद गांधी मैदान पहुंचते थे, नमाज के बाद लोगों से मुलाकात करते और उन्हें ईद की शुभकामनाएं देते थे। उनकी यह परंपरा सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक संदेश दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती रही है। वहीं मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि “20 साल से लोगों को टोपी तो पहना ही रहे हैं। अब और कितना टोपी पहनाते। लोग समझ गए है कि नीतीश कुमार ऐसे खिलाड़ी है, जो उस आदमी को ताकत दे रहे हैं, जिसने गुजरात में न जाने क्या-क्या करवाया था। तो अब उनकी पोल खुल चुकी है। इसलिए शायद इस बार शर्मिदगी महसूस हुई हो और गांधी मैदान नहीं गए हों।”













