आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई, पटना में BMSICL के डीजीएम पंकज कुमार के ठिकानों पर SVU की छापेमारी
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में गुरुवार को पटना स्थित उनके कार्यालय और आवासीय ठिकानों पर ....
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में गुरुवार को पटना स्थित उनके कार्यालय और आवासीय ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।
पंकज कुमार पर गंभीर आरोप
निगरानी इकाई ने इस मामले में कांड संख्या 10/2026 दर्ज करते हुए पंकज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, लगभग 11 वर्षों की सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अवैध तरीके से बड़ी संपत्ति अर्जित की।जांच में सामने आया है कि एक लोक सेवक होने के बावजूद पंकज कुमार ने भ्रष्टाचार के जरिए करीब 96 लाख 46 हजार 666 रुपये की ऐसी संपत्ति बनाई, जो उनकी ज्ञात और वैध आय के स्रोतों से कहीं अधिक है।
दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई
इस मामले में विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना की अदालत से तलाशी वारंट जारी किया गया था। उसी के आधार पर गुरुवार को निगरानी टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की।फिलहाल निगरानी की टीम मौके पर दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य अहम साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामद दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













