बिहार में फिर लौटी ठंड, न्यूनतम तापमान में गिरावट; मौसम विभाग का अलर्ट
बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। उत्तर-पश्चिमी यानी पछुआ हवाओं के प्रभाव से प्रदेश में ठंड का असर तेज हो गया....
बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। उत्तर-पश्चिमी यानी पछुआ हवाओं के प्रभाव से प्रदेश में ठंड का असर तेज हो गया है। सुबह और देर शाम सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 72 घंटों के लिए ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है, हालांकि दोपहर बाद निकलने वाली धूप से कुछ राहत जरूर मिल रही है।
जीरादेई में सबसे कम 9.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकि नगर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो सीवान जिले के जीरादेई में सबसे कम 9.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान 9.0 से 16.4 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क रहेगा। अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा राज्य के कुछ हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा भी देखने को मिला है। सबसे कम दृश्यता 500 मीटर वाल्मीकि नगर में दर्ज की गई।
शाम ढलते ही ठंड फिर से अपना असर
पटना, फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में सुबह के समय ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। दोपहर बाद धूप निकलते ही बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल बढ़ जाती है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड फिर से अपना असर दिखाने लगती है। रात के समय तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।
ठंड बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस मौसम में सर्दी-खांसी, बुखार, सांस संबंधी बीमारियों और ब्लड प्रेशर की समस्या से ग्रसित लोगों को विशेष सावधानी रखनी चाहिए।













