धूप नदारद, गलन बेहिसाब, बिहार में ठंड ने तोड़े सारे पुराने रिकॉर्ड,26 जिलों में कोल्ड डे-ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

बिहार इस समय भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। उत्तर, मध्य और दक्षिण बिहार—तीनों ही हिस्सों में हालात लगभग एक जैसे बने हुए हैं। दिनभर धूप नदारद है, हवा में तेज गलन महसूस की जा रही है और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि 29 दिसंबर तक ठंड और कोहरे से राहत की कोई उम्मीद....

धूप नदारद, गलन बेहिसाब, बिहार में ठंड ने तोड़े सारे पुराने रिकॉर्ड,26 जिलों में कोल्ड डे-ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

बिहार इस समय भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। उत्तर, मध्य और दक्षिण बिहार—तीनों ही हिस्सों में हालात लगभग एक जैसे बने हुए हैं। दिनभर धूप नदारद है, हवा में तेज गलन महसूस की जा रही है और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि 29 दिसंबर तक ठंड और कोहरे से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

26 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
IMD पटना के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कोल्ड डे, शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। गया, पटना, नालंदा, शेखपुरा और मध्य बिहार के जिले इस ठंड से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।आज पूर्वी बिहार को छोड़कर 26 जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि दक्षिण बिहार के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

गया बना सबसे ठंडा जिला
बीते 24 घंटों में गया ने ठंड के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। यहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा। सुबह के समय विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर रह गई।घने कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने गया में भीषण शीत दिवस घोषित किया है, जबकि नालंदा और शेखपुरा में ‘शीत दिवस’ की स्थिति दर्ज की गई।

पटना में सीजन की सबसे सख्त ठंड
वहीं मौसम विभाग के अनुसार राजधानी पटना में इस सीजन की सबसे कड़ी ठंड महसूस की गई। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 8.4 डिग्री कम होकर 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।दिन और रात के तापमान का अंतर केवल तीन डिग्री रह गया, जो कोल्ड डे की स्पष्ट पहचान है। मंगलवार को पूरे दिन धूप नहीं निकली, जिससे गलन और बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा और आने वाले 24–48 घंटों में इसमें 1 से 4 डिग्री तक गिरावट की संभावना जताई गई है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ऊपरी हिमालय और राजस्थान की ओर से आ रही सर्द पछुआ हवाएं पूरे बिहार को अपनी चपेट में ले रही हैं। जिसके वजह से ठंड बढ़ रही है।

25–26 दिसंबर को घना कोहरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 से 27 दिसंबर तक पूरे बिहार में कोल्ड डे की स्थिति बने रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर देखी जा सकती है, वहीं न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के संकेत हैं। इसका सीधा मतलब है कि रात और सुबह की ठंड और ज्यादा तीखी होगी। IMD के मुताबिक 25 और 26 दिसंबर को भी राज्य के कई जिलों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाया रह सकता है। कुछ इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रहने की आशंका है, जिससे जनजीवन और अधिक प्रभावित हो सकता है।