किशनगंज में खनन माफिया का पर्दाफाश! फर्जी चालान के साथ हाईवा चालक गिरफ्तार

किशनगंज जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फर्जी चालान के जरिए खनिज ढुलाई कर रहे एक हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया।यह कार्रवाई जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष....

किशनगंज में खनन माफिया का पर्दाफाश! फर्जी चालान के साथ हाईवा चालक गिरफ्तार


किशनगंज जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फर्जी चालान के जरिए खनिज ढुलाई कर रहे एक हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया।यह कार्रवाई जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान की गई। 

 जांच के दौरान फर्जी पाया गया
दरअसल गलगलिया थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष राकेश कुमार और खनन निरीक्षक सुनील कुमार द्वारा बंगाल की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर WB73L8559 वाले एक हाईवा वाहन को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने वाहन में गिट्टी (खनिज) लदे होने की बात स्वीकार की। जब उससे संबंधित चालान मांगा गया, तो उसने मोबाइल में एक चालान दिखाया, जो जांच के दौरान फर्जी पाया गया। पुलिस की सख्ती के बाद चालक ने एक और चालान प्रस्तुत किया, जो वाहन पकड़े जाने के करीब 10 मिनट बाद वाहन मालिक द्वारा व्हाट्सएप के जरिए भेजा गया था। इस पूरे घटनाक्रम से स्पष्ट हुआ कि प्रशासन को गुमराह कर अवैध खनिज परिवहन किया जा रहा था।

पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी 
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाईवा वाहन, फर्जी चालान और बाद में प्रस्तुत चालान को जब्त कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान अजय दयाल (29 वर्ष), निवासी बेनचुरो, थाना तीसरी, जिला गिरिडीह (झारखंड) के रूप में हुई है। इस मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 36/26 के तहत चालक, वाहन मालिक और अन्य अज्ञात खनन माफिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा