कैमूर में गैस एजेंसी और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद, चालान के विरोध में जाम! आम जनता हुई परेशान
बिहार में एलपीजी सिलेंडर को लेकर पहले से ही लोगों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच कैमूर जिले के मोहनिया नगर स्थित चांदनी चौक पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इंडेन गैस एजेंसी की गाड़ियों और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दी गईं, जिससे इलाके.....
बिहार में एलपीजी सिलेंडर को लेकर पहले से ही लोगों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच कैमूर जिले के मोहनिया नगर स्थित चांदनी चौक पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इंडेन गैस एजेंसी की गाड़ियों और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दी गईं, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस द्वारा गैस एजेंसी की गाड़ियों का चालान काटे जाने के बाद यह विवाद शुरू हुआ। एजेंसी कर्मियों का आरोप है कि पुलिसकर्मी बिना गैस कनेक्शन के सिलेंडर की मांग कर रहे थे। जब कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देते हुए मना किया, तो उनकी गाड़ियों का चालान काट दिया गया।एजेंसी के मैनेजर राम शंकर झा ने बताया कि, मैं गैस वितरण के लिए जा रहा था, तभी ट्रैफिक पुलिस ने रोका। लाइसेंस दिखाने के बावजूद कहा गया कि कुछ स्पष्ट नहीं दिख रहा और बदसलूकी की गई।
दो दिन से चल रही थी कार्रवाई
कर्मचारियों के अनुसार, यह विवाद एक दिन का नहीं है। मंगलवार को भी एजेंसी की गाड़ी का चालान काटा गया था और बुधवार सुबह फिर वही कार्रवाई दोहराई गई, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया।कार्रवाई से नाराज एजेंसी कर्मियों ने विरोध स्वरूप अपनी गाड़ियां बीच सड़क पर खड़ी कर दीं। इसके चलते चांदनी चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं ट्रैफिक पुलिस के सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि, यहां रोजाना वाहन जांच अभियान चलाया जाता है। बिना सीट बेल्ट और हेलमेट वाले वाहनों का चालान किया जा रहा है। लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान गैस एजेंसी की गाड़ी के कागजात में कमी पाई गई थी, जिसके चलते फाइन लगाया गया। उन्होंने यह भी माना कि सड़क जाम की स्थिति एजेंसी कर्मियों के विरोध के कारण बनी।साथ ही, बिना कनेक्शन गैस सिलेंडर मांगने के आरोप को उन्होंने जांच का विषय बताया।













