मुजफ्फरपुर सड़क हादसा: लालू छपरा के पास भीषण टक्कर, बेतिया से पटना जा रही कार बनी हादसे का शिकार, 2 की मौत
मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार सुबह घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। मनिकपुर-देवरिया रोड पर बस और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।यह भीषण दुर्घटना मनिकपुर चौक से पारु की ओर करीब तीन किलोमीटर आगे ...
मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार सुबह घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। मनिकपुर-देवरिया रोड पर बस और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।यह भीषण दुर्घटना मनिकपुर चौक से पारु की ओर करीब तीन किलोमीटर आगे लालू छपरा के पास हुई। सुबह के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम थी। इसी कारण यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सीधे बस के अगले हिस्से में घुस गई और बस कार पर चढ़ गई। इससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।हादसे में कार चला रहे व्यक्ति और आगे की सीट पर बैठे यात्री की कार में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को बुलाया गया।
मृतक की पहचान, घायलों का इलाज जारी
मृतकों में एक की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के बहुअरवा गांव निवासी भानु प्रताप द्विवेदी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि कार बेतिया से पटना जा रही थी, जबकि बस रांची से बेतिया की ओर आ रही थी। दुर्घटना में बस में सवार कुछ यात्रियों को भी चोटें आई हैं।फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। कोहरे और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।













