नीतीश सरकार ने लखीसराय DM मिथिलेश मिश्र को पद से हटाया, अचानक तबादला, ADM को मिला प्रभार
बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली है, जहां सरकार ने लखीसराय के जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा को अचानक उनके पद से हटा दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर पटना मुख्यालय में योगदान देने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान हुए ....
बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली है, जहां सरकार ने लखीसराय के जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा को अचानक उनके पद से हटा दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर पटना मुख्यालय में योगदान देने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान हुए कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन से जुड़ी है।
प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया
बताया जा रहा है कि मंच पर निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह तथा बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के प्रति अपेक्षित औपचारिकता नहीं निभाई गई। सरकार ने इस चूक को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई की।इसके अलावा, जिले में धान अधिप्राप्ति को लेकर भी डीएम की कार्यशैली सवालों के घेरे में थी। किसानों और जनप्रतिनिधियों की ओर से अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे, जिनकी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची थी। राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत इन मामलों की जांच भी जारी थी।
प्रशासनिक महकमे में हलचल
सरकार के आदेश के अनुसार, नए जिलाधिकारी की नियुक्ति तक लखीसराय का प्रभार अपर समाहर्ता (ADM) को सौंप दिया गया है, ताकि प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से चलते रहें।इस अचानक फैसले से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। इसे सरकार का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













