डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का सीएम नीतीश ने लिया जायजा, वैज्ञानिक प्रदर्शों की सराहना, बच्चों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राजधानी पटना के राजेन्द्र नगर स्थित 21 एकड़ क्षेत्र में विकसित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर के साथ-साथ विज्ञान आधारित विभिन्न गैलरियों और अत्याधुनिक वैज्ञानिक प्रदर्शों का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी में आए बच्चों से आत्मीय संवाद किया और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा.....

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का सीएम नीतीश ने लिया जायजा, वैज्ञानिक प्रदर्शों की सराहना, बच्चों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राजधानी पटना के राजेन्द्र नगर स्थित 21 एकड़ क्षेत्र में विकसित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर के साथ-साथ विज्ञान आधारित विभिन्न गैलरियों और अत्याधुनिक वैज्ञानिक प्रदर्शों का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी में आए बच्चों से आत्मीय संवाद किया और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा व उत्साह की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

विज्ञान शिक्षा का आधुनिक केंद्र
भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह साइंस सिटी विज्ञान शिक्षा को रोचक और व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से विकसित की गई है, जहां विज्ञान पर आधारित 5 आधुनिक गैलरी,269 इंटरएक्टिव विज्ञान प्रदर्श,अत्याधुनिक ऑडिटोरियम,4-डी थियेटर, तथा छात्रों एवं शिक्षकों के लिए डोरमेट्री सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

युवाओं में नवाचार की सोच को मिलेगा विस्तार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण के दौरान कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी विशिष्ट अवधारणाओं के साथ निर्मित एक उत्कृष्ट वैज्ञानिक परिसर है। यह केंद्र विज्ञान और नवाचार को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।उन्होंने कहा कि इस साइंस सिटी का निर्माण विशेष रूप से युवा पीढ़ी में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से किया गया है। यहां आने वाले छात्र-छात्राएं विज्ञान के मूल सिद्धांतों, गतिविधियों और प्रयोगों को सरल एवं रोचक ढंग से समझ सकेंगे, जिससे उनके ज्ञान के साथ-साथ नवाचार की भावना को भी बल मिलेगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।