विपक्ष आरक्षण विरोधी नहीं, महिलाओं को 50% आरक्षण मिले — तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने महिला आरक्षण समेत तीन विधेयकों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा राजनीतिक हमला ..

विपक्ष आरक्षण विरोधी नहीं, महिलाओं को 50% आरक्षण मिले — तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने महिला आरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मुख्यमंत्री द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर की गई टिप्पणी के कुछ ही घंटों बाद तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए केंद्र और राज्य सरकार दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया।

वास्तविक स्थिति को लेकर सरकार भ्रम फैला रही

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल की वास्तविक स्थिति को लेकर सरकार भ्रम फैला रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह विधेयक तीन साल पहले पारित हो चुका था, तो अब तक राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद इसे पूरी तरह लागू क्यों नहीं किया गया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला सशक्तिकरण के नाम पर परिसीमन (डीलिमिटेशन) की प्रक्रिया को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना चाहती है।

रिमोट कंट्रोल से संचालित सरकार

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बिहार को “रिमोट कंट्रोल से संचालित सरकार” बताया। तेजस्वी ने कहा कि राज्य के फैसलों पर स्थानीय नेतृत्व की बजाय केंद्र का प्रभाव बढ़ता जा रहा है, जिससे संघीय ढांचे और राज्य की स्वायत्तता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने विवादित बयान देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जो भी करेंगे, वही करेंगे जो उनके गुजराती भाई कहेंगे. बिहार को चलाने के लिए सीधे PMO से लोग भेजे जा रहे हैं।” तेजस्वी के मुताबिक, दो लोग जो चाहेंगे, वही बिहार में होगा, जिससे राज्य की अस्मिता और संघीय ढांचे को खतरा पैदा हो गया है।

आरक्षण 33% नहीं बल्कि 50% कर देना चाहिए

वहीं तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ तो उन्होंने ले ली है, लेकिन महिला आरक्षण बिल की हकीकत उनकी समझ से परे है। आरक्षण के मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ ये लोग महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं और दूसरी तरफ आरएसएस के लोग महिलाओं से पैर धुलवाते हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि राजद ने हमेशा महिलाओं को सबसे ज्यादा टिकट देकर उन्हें सशक्त बनाया है। उन्होंने मांग की कि अगर भाजपा वाकई गंभीर है, तो महिलाओं का आरक्षण 33% नहीं बल्कि 50% कर देना चाहिए। 

विपक्ष महिला आरक्षण का विरोधी नहीं है

वहीं नीतीश कुमार के परिवार से जुड़े एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कटाक्ष किया और कहा कि जब नीतीश कुमार ने खुद “करप्शन, क्राइम और कम्युनलिज्म” जैसे मुद्दों पर समझौता कर लिया है तो अन्य टिप्पणियों का कोई विशेष अर्थ नहीं रह जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष महिला आरक्षण का विरोधी नहीं है, लेकिन वह उस कथित राजनीतिक रणनीति का विरोध कर रहा है जिसके तहत परिसीमन के जरिए पिछड़े और अति-पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।