मंत्री अशोक चौधरी ने बाहुबली अनंत सिंह से की मुलाकात, तबेले में दिखाई भैंसें; चुनावी टिकट को लेकर चर्चा
बिहार की राजनीति में चुनावी सरगर्मी बढ़ने के साथ नेताओं की मुलाकातें तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता अशोक चौधरी बाहुबली अनंत सिंह से उनके आवास पर मिलने पहुंचे।मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने मंत्री अशोक चौधरी को अपने तबेले में ले जाकर अपनी भैंसें भी दिखाईं। इसके बाद दोनों ने साथ बैठकर चाय पी और विधानसभा...

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नेताओं की बयानबाजी, बैठकों और मुलाकातों का दौर लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह से बिहार सरकार में मंत्री और सीएम नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले अशोक चौधरी की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।मंगलवार को अशोक चौधरी, अनंत सिंह के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच लंबी और खास बातचीत हुई।
सिर्फ “सौजन्य भेंट”
इतना ही नहीं मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने मंत्री अशोक चौधरी को अपने तबेले में ले जाकर अपनी भैंसें भी दिखाईं। इसके बाद दोनों ने साथ बैठकर चाय पी और विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर चर्चा की।सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति, मोकामा सीट का राजनीतिक समीकरण और संभावित समर्थन पर चर्चा हुई। हालांकि, दोनों नेताओं ने आधिकारिक तौर पर इसे “सिर्फ सौजन्य भेंट” बताया।
अनंत सिंह का चुनावी ऐलान
बता दें कि अशोक चौधरी से मुलाकात के बाद मोकामा से पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने आगामी चुनाव में एक बार फिर मोकामा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।अनंत सिंह ने मीडिया से साफ कहा, “मैंने पहले ही तय कर लिया है कि इस बार भी मोकामा से चुनाव लड़ूंगा। मोकामा की जनता ने हमेशा मुझे आशीर्वाद दिया है और मैं उनके भरोसे को टूटने नहीं दूंगा।” उन्होंने इशारा किया कि इस बार उनका लक्ष्य होगा कि मोकामा का मुकाबला “एकतरफा” हो।बता दें, 2022 के मोकामा उपचुनाव में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने आरजेडी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। उस समय अनंत सिंह आरजेडी के साथ थे।
बदल सकता है मोकामा का समीकरण
अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं। ऐसे में उनका अनंत सिंह से चुनावी मौसम में मिलना, मोकामा सीट पर जेडीयू और अनंत सिंह के संभावित तालमेल की अटकलों को हवा दे रहा है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर यह तालमेल बन जाता है, तो मोकामा का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।फिलहाल, जेडीयू की ओर से मोकामा उम्मीदवार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन इतना तय है कि अनंत सिंह ने अपने चुनावी पत्ते खोल दिए हैं और अशोक चौधरी से उनकी मुलाकात बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में नई कहानियां लिख सकती है