TRE-4 शिक्षक भर्ती में ऐतिहासिक बदलाव, अब एक उम्मीदवार–एक ही चयन

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। TRE-4 के तहत शिक्षा विभाग....

TRE-4 शिक्षक भर्ती में ऐतिहासिक बदलाव, अब एक उम्मीदवार–एक ही चयन

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। TRE-4 के तहत शिक्षा विभाग ने “एक उम्मीदवार–एक ही रिजल्ट” की नई नीति लागू करने का फैसला किया है। इस फैसले से शिक्षक बहाली प्रक्रिया न सिर्फ ज्यादा पारदर्शी होगी, बल्कि हजारों योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी का वास्तविक मौका भी मिलेगा।

‎वेटिंग लिस्ट का झंझट

‎अब तक की भर्तियों में यह देखा गया था कि एक ही अभ्यर्थी का नाम प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक—तीनों स्तरों की चयन सूचियों में आ जाता था। इसके कारण कई सीटें खाली रह जाती थीं और वेटिंग लिस्ट का झंझट बढ़ जाता था। लेकिन नई व्यवस्था के तहत अब एक अभ्यर्थी का चयन केवल एक ही स्तर के लिए होगा, जिससे हर पद पर अलग-अलग उम्मीदवारों को मौका मिलेगा।

‎मामूली अंकों के अंतर से मेरिट लिस्ट से बाहर

‎इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभ उन अभ्यर्थियों को होगा जो मामूली अंकों के अंतर से मेरिट लिस्ट से बाहर हो जाते थे। पहले एक ही मेधावी उम्मीदवार कई सीटों पर चयनित होकर अवसर सीमित कर देता था, लेकिन अब ऐसा नहीं हो सकेगा। विभाग का मानना है कि इससे अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलेगी और खाली सीटों की समस्या भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

‎TRE-4 में होंगी करीब 44 हजार नियुक्तियां

‎TRE-4 के जरिए राज्य में लगभग 44,000 शिक्षकों की बहाली की जाएगी। इसमें कक्षा 1 से 8 के लिए लगभग 19,000 पद,कक्षा 9 से 10 के लिए 12,000 पद,और कक्षा 11 से 12 के लिए 13,000 पद शामिल हैं।गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई है, क्योंकि राज्य के स्कूलों में इन विषयों के शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। वहीं भर्ती प्रक्रिया में बिहार की मूल निवासी महिलाओं को मिलने वाला 35 प्रतिशत आरक्षण पहले की तरह लागू रहेगा, जिससे महिला उम्मीदवारों की भागीदारी और मजबूत होगी

‎सरकार की तैयारी तेज, जल्द आएगी अधिसूचना

‎बिहार सरकार शिक्षक-छात्र अनुपात को सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पिछले दो वर्षों में सवा दो लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। इसके बावजूद जरूरत को देखते हुए TRE-4 की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री के निर्देश पर रोस्टर तैयार किया जा रहा है और जल्द ही BPSC इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी करेगा।