‘कब क्या कह दें कोई नहीं जानता’ – सुनील कुमार ने तेज प्रताप पर साधा निशाना
बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है और आज इसका पांचवां दिन है। इस दौरान सदन में लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। इसी बीच, राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई और राजद एमएलसी.....
बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है और आज इसका पांचवां दिन है। इस दौरान सदन में लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। इसी बीच, राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई और राजद एमएलसी सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग कर दी है।
सुनील कुमार का तीखा हमला
राजद एमएलसी सुनील कुमार ने राज्य में बढ़ते अपराध और दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है।सुनील कुमार ने कहा:"मौजूदा हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री को गद्दी पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए।"
उनका आरोप है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सरकार अपराध पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम लोगों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।
महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध
सुनील कुमार ने कहा कि हर जिले में रेप और हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं, डकैती और चोरी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध तेजी से बढ़ रहा है और हालात अब बेहद गंभीर हो चुके हैं।
तेज प्रताप के बयान पर प्रतिक्रिया
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सुनील कुमार को लेकर कहा कि वह राजद के जयचंद हैं। इस बयान पर सुनील कुमार ने जवाब देते हुए कहा तेजप्रताप जी बहुत जिम्मेदार पदों पर रहे हैं फिर भी उनकी बातों को लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं। वो कब क्या कह दें कोई नहीं जानता। लड़कर फिर उसी के साथ हो जाएंगे। जगदानंद जी पर हत्या करवाने का आरोप लगाया था। हमारे अभिभावक लालू जी के वो बड़े बेटे हैं, उनके बचकाने बयान पर मैं कुछ नहीं बोलना चाहता हूं।’













