पटना होटल कांड: Hidden Villa के मैनेजर और स्टाफ गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पटना के रूपसपुर स्थित Hidden Villa होटल में छात्रा से बदसलूकी के मामले में अब पुलिस ने होटल प्रबंधन पर भी बड़ा एक्शन लिया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद होटल मैनेजर रोहित और स्टाफ काजू को भी गिरफ्तार क...

पटना होटल कांड: Hidden Villa के मैनेजर और स्टाफ गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पटना के रूपसपुर स्थित Hidden Villa होटल में छात्रा से बदसलूकी के मामले में अब पुलिस ने होटल प्रबंधन पर भी बड़ा एक्शन लिया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद होटल मैनेजर रोहित और स्टाफ काजू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जांच में होटल की गंभीर लापरवाही और संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

युवक होटल के कमरे में घुस गया 

बेगूसराय की रहने वाली एक छात्रा अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा देने पटना आई थी। दोनों शनिवार रात रूपसपुर थाना क्षेत्र के Hidden Villa होटल में ठहरे थे। आरोप है कि देर रात शराब के नशे में धुत एक युवक होटल के कमरे में घुस गया और छात्रा को जबरन बाहर ले जाने की कोशिश करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर उसके पिता की नींद खुली और दोनों ने मिलकर किसी तरह आरोपी का विरोध किया, जिसके बाद वह मौके से भाग निकला।

पहचान पत्र लेने के बावजूद रजिस्टर में पूरी एंट्री नहीं

पीड़ित पिता का आरोप है कि होटल प्रबंधन ने पहचान पत्र लेने के बावजूद रजिस्टर में पूरी एंट्री नहीं की थी। सिर्फ हस्ताक्षर करवाकर कमरा दे दिया गया। साथ ही कमरे का लॉक भी खराब था, जिसकी वजह से आरोपी आसानी से अंदर पहुंच गया।

डराने-धमकाने की कोशिश 

घटना के बाद जब पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी तो होटल प्रबंधन ने सहयोग करने के बजाय उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की। पुलिस के होटल पहुंचने पर जब सीसीटीवी फुटेज मांगी गई तो होटल कर्मियों ने कैमरा खराब होने की बात कही।

 आरोपी युवक का वीडियो 

हालांकि पीड़ित पिता ने अपने मोबाइल से आरोपी युवक का वीडियो बना लिया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि होटल का ही स्टाफ था। इसके बाद पुलिस ने होटल कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की और अब मैनेजर रोहित व स्टाफ काजू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था और जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। मामले की जांच अभी जारी है।