बेगूसराय में निगरानी की बड़ी कार्रवाई: माप-तौल विभाग का लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में आज दिनांक 25.05.2026 सोमवार को बेगूसराय में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए निगरानी की टीम...

बेगूसराय में निगरानी की बड़ी कार्रवाई: माप-तौल विभाग का लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में  आज दिनांक 25.05.2026 सोमवार को बेगूसराय में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए निगरानी की टीम ने माप-तौल विभाग के एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दुकान के लाइसेंस नवीनीकरण के बदले पैसे मांगने का आरोप है।

5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक, निगरानी थाना कांड संख्या-062/26 में दर्ज मामले के तहत सहायक नियंत्रक माप-तौल कार्यालय, बेगूसराय में कार्यरत लिपिक पुष्कर कुमार द्विवेदी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की मुख्यालय टीम ने की।

निगरानी विभाग से शिकायत

बताया जा रहा है कि बेगूसराय जिले के हेमरा निवासी उमेश साह ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि दुकान के लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के एवज में आरोपी लिपिक रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

कार्यालय कक्ष में ही रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया

इसके बाद निगरानी ब्यूरो ने पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार-II के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय कक्ष में ही रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ

निगरानी विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।